संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा निकाली जा रही ‘सत्य सनातन यात्रा’ को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस यात्रा पर तंज कसते हुए साध्वी हर्षानंद गिरि का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस नेता की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

साध्वी हर्षानंद गिरि के तीखे सवाल

सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करते हुए साध्वी हर्षानंद गिरि ने दिग्विजय सिंह की यात्रा और सनातन प्रेम पर कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने वीडियो में कहा कि अचानक से भगवान श्रीराम के प्रति इतनी आस्था और प्रेम कैसे जाग गया है? उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह यात्रा आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर निकाली जा रही है या फिर पार्टी में किसी खास व्यक्ति को कोई पद दिलवाने की रणनीति है?

साध्वी ने तंज कसते हुए यह भी याद दिलाया कि जब सुप्रीम कोर्ट से राम मंदिर के पक्ष में ऐतिहासिक फैसला आया था, तब कांग्रेस नेताओं की तरफ से वैसा उत्साह और समर्थन दिखाई नहीं दिया था, जैसा अब इस यात्रा में दिखाया जा रहा है। साध्वी हर्षानंद गिरि के इस बयान के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर धार्मिक यात्राओं और राजनीतिक लाभ को लेकर बहस छिड़ गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m