शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के पॉश इलाके डीबी मॉल के सामने खंभे से अचानक फैले करंट की चपेट में आने से भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की असमय और दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में नगर निगम प्रशासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर गाज गिराई है। चार सदस्यीय विशेष जांच समिति की रिपोर्ट सामने आने के तुरंत बाद नगर निगम ने सख्त कदम उठाए हैं।

इंजीनियर सुमित सिंह तत्काल प्रभाव से निलंबित 

जांच समिति की रिपोर्ट में लापरवाही उजागर होने के बाद भोपाल नगर निगम प्रशासन ने इंजीनियर सुमित सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हादसे के बाद से ही परिजनों और स्थानीय लोगों में नगर निगम के विद्युत विभाग व रखरखाव टीम की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश था, जिसके बाद जांच के आदेश दिए गए थे।

कार्यपालन यंत्री आशीष श्रीवास्तव के निलंबन का भेजा प्रस्ताव 

इसी मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्यपालन यंत्री (Executive Engineer) आशीष श्रीवास्तव को भी निलंबित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। चूंकि आशीष श्रीवास्तव ऊर्जा विभाग से प्रतिनियुक्ति पर नगर निगम भोपाल में पदस्थ हुए थे, इसलिए नगर निगम कमिश्नर ने सीधे ऊर्जा विभाग को उनके निलंबन का आधिकारिक प्रस्ताव भेज दिया है। माना जा रहा है कि ऊर्जा विभाग भी जल्द ही इस प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगाते हुए निलंबन की कार्रवाई को अंतिम रूप देगा।

हादसे के बाद गठित हुई थी चार सदस्यीय समिति 

गौरतलब है कि डीबी मॉल तिराहे के पास बिजली के खंभे में उतरे करंट की वजह से भाजयुमो नेता दिव्यऋषि तिवारी की जान चली गई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे शहर में नगर निगम की विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया गया था, जिसकी रिपोर्ट आते ही प्रशासन ने यह सख्त रुख अपनाया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m