संजय पाटीदार, भोपाल। Bhopal Double Murder Case: राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र के सुदामा नगर स्थित आंबेडकर कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती हेमंत फिलेमोन और उनकी पत्नी शकुंतला की हत्या की जांच अब संपत्ति विवाद और सुपारी देकर पेशेवर शूटरों से वारदात पर केंद्रित हो गई है। अब तक की जांच में पुलिस को ऐसे कई तथ्य मिले हैं, जिनसे लग रहा है कि वारदात पूरी योजना बनाकर अंजाम दी गई।
तेज बारिश और बत्ती गुल का हत्यारों ने उठाया फायदा
जिस समय हमलावर घर पहुंचे, उस दौरान तेज बारिश हो रही थी और इलाके की बिजली भी गुल थी। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने इसी स्थिति का फायदा उठाया। तेज बारिश के कारण गोलियों की आवाज आसपास के लोगों तक साफ नहीं पहुंच सकी। एक किराएदार ने रात करीब 8:45 से 9 बजे के बीच आवाज सुनी भी, लेकिन उसे पटाखा समझकर नजरअंदाज कर दिया। अब तक पुलिस जांच में सामने आया है कि हेमंत के सिर और गर्दन में गोली मारी गई, जबकि शकुंतला के सिर के बाईं ओर और सीने में गोली लगी।
फिंगरप्रिंट नहीं मिले
पुलिस का कहना है कि जिस तरीके से दोनों को निशाना बनाया गया उससे हमलावरों के पेशेवर होने की मजबूत आशंका है। घटनास्थल से किसी भी प्रकार के फिंगरप्रिंट नहीं मिले। आशंका है कि आरोपियों ने ग्लव्स पहन रखे थे। भारी बारिश के कारण डॉग स्क्वॉड भी कोई ठोस सुराग नहीं जुटा सका। मामले पर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले ही इसमें तीस हजार का इनाम घोषित किया गया है।
SIT का गठन, एडिशनल डीसीपी रश्मि अग्रवाल को जिम्मेदारी
अब मामले में SIT का गठन कर दिया गया है। एडिशनल डीसीपी रश्मि अग्रवाल को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि जमीन विवाद या पैसे के लेनदेन को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस उन तमाम लोगों से पूछताछ कर रही है जिनेक शामिल होने या उनसे किसी बात का खुलासा होने की उम्मीद है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों पर भी पुलिस काम कर रही है। जल्द ही मामले में खुलासा कर दिया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

