संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल में आदिवासी संगठन जयस के प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ती नजर आईं। टीआई रतन सिंह परिहार के खिलाफ FIR की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे जयस कार्यकर्ता और महिलाएं उग्र हो गए और सीएम हाउस की ओर बढ़ने लगे। पुलिस के रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान एक महिला कार्यकर्ता ने पुलिस आरक्षक को थप्पड़ जड़ दिया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीएम हाउस की ओर बढ़ रहे थे प्रदर्शनकारी
बताया जा रहा है कि जयस कार्यकर्ता अपनी विभिन्न मांगों और टीआई रतन सिंह परिहार पर कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता अचानक मुख्यमंत्री आवास सीएम हाउस की ओर बढ़ने लगे। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
महिला पुलिसकर्मियों से भी हुई झूमाझटकी
बेकाबू हो रहे प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस और जयस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई। कार्यकर्ताओं ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और महिला पुलिस अधिकारियों और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी भी की। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की जांच में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

