शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल का आईएसबीटी (ISBT) बस टर्मिनल इन दिनों ड्रग्स तस्करों का नया अड्डा बनता नजर आ रहा है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने ISBT पर एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.32 करोड़ रुपये की कीमत की एमडीएमए/मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स जब्त की है। मामले में दिल्ली से आए एक संदिग्ध युवक को भी गिरफ्तार किया गया है।
सलवार सूट की पैकिंग में छिपाई थी ड्रग्स
मिली जानकारी के मुताबिक, DRI की टीम को पुख्ता इनपुट मिला था कि दिल्ली से ड्रग्स की एक बड़ी खेप भोपाल लाई जा रही है। आरोपी नेशनल हाईवे-46 (दिल्ली-नागपुर रूट) की बेंगलुरु जाने वाली बस से उतरा था। जब सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध पुरुष यात्री के दो ट्रॉली बैग की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। बैग के अंदर 11 पैकेटों में कुल 9.139 किलोग्राम क्रिस्टलीय ड्रग्स भरी हुई थी, जिसे तस्करों ने शातिर तरीके से सलवार सूट की पैकिंग के बीच छिपा रखा था।
6 दिन के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई
खास बात यह है कि भोपाल के ISBT पर पिछले महज 6 दिनों के भीतर यह दूसरी सबसे बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 14 अक्टूबर को भी DRI ने इसी बस टर्मिनल पर दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक अन्य बस में कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को 2.08 करोड़ रुपये की एम्फेटामीन ड्रग्स के साथ दबोचा था। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है।
क्या भोपाल ISBT बन गया है तस्करों का नया ‘सेंटर पॉइंट’?
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद अब यह सवाल खड़े होने लगे हैं कि क्या भोपाल का ISBT तस्करों का नया ट्रांजिट हब या सेंटर पॉइंट बनता जा रहा है? जानकारों का मानना है कि यहां 24 घंटे बसों और यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है, और भारी भीड़-भाड़ के कारण पार्सल या बैग बदलना तस्करों के लिए बेहद आसान होता है। फिलहाल, DRI और स्थानीय पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस ड्रग सिंडिकेट के अन्य बड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

