शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल से करवाचौथ के पावन पर्व पर एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। राजधानी के अवधपुरी थाना क्षेत्र में करवाचौथ के मौके पर पार्लर न जाने देने के विवाद के चलते एक 44 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और घर में करवाचौथ की तैयारियों की जगह मातम पसर गया है।

पति के साथ हुआ था विवाद

मृतका की पहचान 44 वर्षीय आरती कुर्रे के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करवाचौथ के व्रत और पूजा के लिए आरती ब्यूटी पार्लर जाना चाहती थीं, लेकिन पति द्वारा पार्लर ले जाने से मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इस बात से आहत होकर महिला ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

सुसाइड नोट में लिखी यह बात

घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें लिखा है— “थैंक्यू हसबैंड, जा रही हूं, खुश रहो…”। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय घर में ससुर सो रहे थे और 14 साल का बेटा स्कूल गया हुआ था। महिला ने दोपहर के वक्त यह आत्मघाती कदम उठाया। जब खिड़की का कांच तोड़कर देखा गया, तो वह नीचे गिरी हुई मिलीं।

आशंका जताई जा रही है कि फंदे पर लटकने के दौरान दुपट्टा टूटने से वह नीचे आ गिरीं। इस दर्दनाक हादसे के बाद 14 साल के इकलौते बेटे के सिर से मां का साया उठ गया है। अवधपुरी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मौके से मिले सुसाइड नोट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के सही कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m