शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी कर्मचारी संगठन ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। आज राजधानी भोपाल में मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय तिथि एवं केंद्रीय दर से 7%महंगाई भत्ता/महंगाई राहत के आदेश दीपावली से पहले जारी करने की मांग की।
शुक्रवार को भोपाल के सतपुड़ा भवन के सामने मध्य प्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की और मंत्रालय से होते हुए विंध्याचल भवन तक रैली भी निकाली। यहां सभा आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों ने सरकार पर उपेक्षा के आरोप लगाए। मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों के अनुसार, अपनी मांगों को लेकर अभी निश्चित समय के लिए प्रदर्शन कर सरकार को चेतावनी दी गई है। इसके बाद भी अगर कर्मचारियों की आवाज को नहीं सुना गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ये हैं प्रमुख मांगें
- केंद्र के समान और केंद्रीय तिथि से महंगाई भत्ता दिया जाए।
- वाहन भत्ता और गृहभाड़ा भत्ता में बढ़ोत्तरी की जाए।
- साढ़े 8 साल से बंद पदोन्नति शुरू की जाए।
- लिपिकों की वेतन विसंगति दूर की जाए।
- अनुकंपा नियुक्ति में आए लिपिकों को सीपीसीटी करने के लिए समय दिया जाए।
- चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 1800 ग्रेड-पे दी जाए।
- 45000 स्थाईकर्मियों को नियमित किया जाए।
- 20000 अंशकालीन कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया जाए।
- 4.50 लाख पेंशनर्स को धारा 49 के कारण समय पर पेंशन का भुगतान एवं महंगाई भत्ता के एरियर्स का भुगतान नहीं हो पा रहा है, इसे खत्म किया जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

