Rajya Sabha Elections 2026: राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। देशभर की 24 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को वोटिंग होगी। इसमें मध्य प्रदेश की तीन सीटें भी शामिल है। एमपी से दिग्विजय सिंह, जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी की राज्यसभा सीट खाली हो रही है।

राज्यसभा चुनाव का शेड्यूल

राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। आयोग की अधिसूचना के मुताबिक, 1 जून 2026 से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी। 11 जून को नाम वापस की अंतिम तारीख निर्धारित की गई है। वहीं 18 जून 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।

एमपी की तीन राज्यसभा सीटों पर होगा मतदान

10 राज्यों की 24 सीटों पर चुनाव होगा। जिसमें गुजरात, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में 4-4 सीटों पर वोटिंग होनी है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटों पर चुनाव होगा। वहीं झारखंड में 2, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक सीट पर इलेक्शन होगा।

एमपी में इनका कार्यकाल हो रहा खत्म

राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा और रवनीत सिंह बिट्टू समेत 24 नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। वहीं मध्यप्रदेश से दिग्विजय सिंह, जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी की राज्यसभा सीट खाली हो रही है।

मध्य प्रदेश विधानसभा में अभी किसके कितने विधायक ?

मध्य प्रदेश विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 164, कांग्रेस 64 विधायक हैं। एमपी में विधायकों की संख्या को देखते हुए बीजेपी के खाते में दो और कांग्रेस को एक सीट मिलेगी।

बीजेपी में राज्यसभा के दावेदार

भारतीय जनता पार्टी में राज्यसभा के लिए कई दावेदार हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य, पूर्व कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त विनोद गोटिया, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, कांग्रेस से बीजेपी में आए पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा इस रेस में शामिल है। वहीं बीजेपी में युवा चेहरे को भी मौका मिल सकता है। बताया जा रहा है कि भाजपा साधु-संत पर भी दांव खेल सकती है।

कांग्रेस के दावेदार

वहीं कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की सीट भी खाली हो रही है। इस बीच उन्होंने ऐलान भी किया है कि वे अपनी राज्यसभा सीट खाली कर रहे है। यानी दिग्विजय ने तीसरी बार उच्च सदन जाने से मना कर दिया है। दिग्गी के इस बयान के बाद कांग्रेस में दावेदारी शुरू हो गई है। दौड़ में पूर्व सांसद नकुलनाथ, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, दलित नेता प्रदीप अहिरवार शामिल है। वहीं युवा चेहरे को भी मौका मिल सकता है।

MP में 11 सीट- 8 पर बीजेपी और 3 पर कांग्रेस का कब्जा

आपको बता दें कि एमपी में राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं। इनमें 8 पर भारतीय जनता पार्टी और 3 सीट पर कांग्रेस का कब्जा है।

मध्य प्रदेश से महिला सांसद

बीजेपी के 8 राज्यसभा सांसदों में तीन महिलाएं हैं। जबकि कांग्रेस के तीन राज्यसभा सांसदों में एक भी महिला नहीं है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m