भोपाल। Paigam-e-Mohabbat: राजधानी भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित सिंधी कॉलोनी में ‘पैगाम-ए-मोहब्बत’ रैली के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया। रैली के दौरान हुए विवाद में उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान असामाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी।
कैसे हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, सिंधी कॉलोनी क्षेत्र से पैगाम-ए-मोहब्बत रैली निकाली जा रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसने जल्द ही हिंसा का रूप ले लिया। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस हमले में अमित भदौरिया और आरक्षक मोहित शिवहरे घायल हो गए हैं।
पुलिस की दबिश जारी
पुलिस से मारपीट और अभद्रता के मामले में मुख्य आरोपी जावेद उर्फ ‘कंघी’ और तबरेज के नाम सामने आए हैं। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
हनुमानगंज थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस बल पर हमला करने और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


