शिखिल ब्यौहार, भोपाल। राजधानी भोपाल के पॉश इलाके अरेरा हिल्स में देर रात जमकर हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। यहां मुरैना से कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर के बेटे देवराज सिंह गुर्जर के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की। घटना के बाद विधायक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद युवकों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। वहीं दूसरी ओर, आरोपियों के परिजनों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद वीआईपी इलाके एमएलए (MLA) रेस्ट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

शराब के लिए पैसे न देने पर विवाद, जान से मारने की धमकी

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार विधायक के बेटे देवराज सिंह गुर्जर ने बताया कि देर रात कुछ युवक उनके घर के बाहर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान युवकों ने देवराज से पैसों की मांग की। जब देवराज ने पैसे देने से साफ मना कर दिया तो युवक भड़क गए और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख देवराज के दोस्त बीच-बचाव करने पहुंचे तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विधायक के बेटे को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

4 पर केस दर्ज, पुलिस की जांच शुरू

देवराज सिंह गुर्जर की शिकायत पर अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पंकज, मयंक, सोहन और विक्की के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच और पूछताछ में शराब पीने और पैसे मांगने के विवाद की बात सामने आई है।

परिजनों का पलटवार- हमारे बच्चों को भी पीटा, वीडियो वायरल

इस पूरे मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब आरोपियों के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस राजनीतिक दबाव में एकतरफा कार्रवाई कर रही है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसके हवाले से दावा किया जा रहा है कि विधायक के बेटे और उनके साथियों ने भी दूसरे पक्ष के युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की है, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं की।

MLA रेस्ट हाउस की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

इस हाईप्रोफाइल मारपीट की घटना ने भोपाल के वीआईपी सुरक्षा जोन पर बड़े सवालिया निशान लगा दिए हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि विधायक विश्राम गृह के आसपास देर रात शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। पहले भी यहां देर रात हुड़दंग की कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं लेकिन पुलिस और प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने के कारण अब विधायक के परिजन ही सुरक्षित नहीं हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m