शिखिल ब्यौहार, भोपाल। सुबह की चाय के साथ जानिए मध्य प्रदेश और राजधानी भोपाल की 4 बड़ी खबरें। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली दौरे पर हैं, जहां संगठन से लेकर राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों पर बड़ा फैसला हो सकता है। वहीं, भोपाल के बड़े हिस्से में आज भी पानी के लिए हाहाकार मच सकता है।

सीएम डॉ. मोहन यादव का आज दिल्ली दौरा, केंद्रीय मंत्रियों और शीर्ष नेतृत्व से होगी मुलाकात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। वे वहां स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ-साथ बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर सकते हैं।

इस बैठक में मध्य प्रदेश सरकार के कामकाज और संगठन के आगामी रोडमैप को लेकर गंभीर चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री के इस दौरे को राज्य की सियासत और विकास कार्यों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

राज्यसभा चुनाव: जल्द खत्म होगा सस्पेंस, कमलनाथ के नाम की अटकलें तेज

मध्य प्रदेश की 3 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर दिल्ली में मंथन पूरा हो चुका है। आज या कल में उम्मीदवारों के नामों का आधिकारिक एलान हो सकता है। 18 जून को होने वाले इस चुनाव में सीटों का गणित लगभग तय है, जिसमें बीजेपी के खाते में 2 और कांग्रेस के खाते में 1 सीट जाना तय माना जा रहा है।

बीजेपी में प्रदेश के कई दिग्गज नेताओं को राज्यसभा भेजने की चर्चाएं हैं। वहीं कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की अटकलें काफी तेज हो गई हैं। फिलहाल दोनों ही दलों में सिर्फ चेहरों की घोषणा का इंतजार है।

आज भी राजधानी के 75 इलाकों में नहीं आएगा पानी, कोलार लाइन में सुधार कार्य जारी

भोपाल के नागरिकों के लिए आज का दिन भी परेशानी भरा हो सकता है। कोलार पाइपलाइन की ‘ग्रेविटी मेन’ में चल रहे जरूरी सुधार कार्य के चलते नगर निगम ने दो दिन का हाल्ट लिया है। इसके कारण आज भी राजधानी के 75 से ज्यादा इलाकों में नल से जल की आपूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी।

पानी की किल्लत को देखते हुए नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति करने का फैसला किया है। प्रभावित होने वाले प्रमुख क्षेत्र:

ज़ोन 3 व 4: नारियलखेड़ा, शाहजहांनाबाद, डीआईजी बंगला, सिंधी कॉलोनी, हमीदिया रोड।

ज़ोन 5 व 6: बुधवारा, इतवारा, 1100 क्वार्टर्स, शाहपुरा, त्रिलंगा, ई-7 अरेरा कॉलोनी।

ज़ोन 7 व 8: तुलसी नगर, शिवाजी नगर, चार इमली, चूना भट्टी, नेहरू नगर, कोटरा सुल्तानाबाद।

ज़ोन 10: एमपी नगर ज़ोन-2, गुलमोहर कॉलोनी, भरत नगर।

ट्विशा शर्मा मौत मामला: CFSL की रीक्रिएशन रिपोर्ट से खुलेगा सुसाइड या हत्या का राज

भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को अब दिल्ली से आने वाली साइंटिफिक रिपोर्ट का इंतजार है। दो दिन पहले सीबीआई की टीम ने घटना स्थल पर जो ‘सीन रीक्रिएशन’ किया था, उसका पूरा डेटा दिल्ली स्थित Central Forensic Science Laboratory को भेज दिया गया है।

दिल्ली में सीएफएसएल के एक्सपर्ट्स इस रिपोर्ट को तैयार कर रहे हैं, जो अगले एक सप्ताह में सीबीआई को सौंप दी जाएगी। इस रिपोर्ट के आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि ट्विशा की मौत आत्महत्या थी या हत्या।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m