शिखिल ब्यौहार, भोपाल। भारी ट्रैफिक के कारण कई बार एंबुलेंस फंसने के मामले तो आपने कई बार सुने होंगे, लेकिन राजधानी भोपाल में एक बार फिर भोपाल की जनता और पुलिस ने नई मिसाल पेश की है। एक मरीज की जान बचाने के लिए एक बार फिर ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।
कम समय में एयरपोर्ट पहुंचाया
मरीज सत्यभान सिंह (54) हार्ट और फेफड़ों की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज भोपाल के निजी अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को दिल्ली के अस्पताल के डॉक्टरों की टीम सुबह 8 बजे भोपाल पहुंची, जिन्होंने मरीज की जान बचाने के लिए तुरंत दिल्ली रेफर किया। स्थिति की गम्भीरता को समझते हुए यातायात पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कम समय में एयरपोर्ट तक पहुंचाया।
एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली रवाना
सुबह 11.40 बजे मरीज को विशेष एंबुलेंस से अस्पताल से राजा भोज एयरपोर्ट ले जाया गया। 24 किमी लंबे मार्ग पर ट्रैफिक के बावजूद पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर मरीज को समय रहते एयरपोर्ट तक पहुंचाया। वहां से मरीज को एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली रवाना किया गया। पूरी व्यवस्था में भोपाल यातायात पुलिस के 60 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

