संजय पाटीदार, भोपाल। दीपावली के पावन पर्व और त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए भोपाल रेलवे डिवीजन ने सुरक्षा और सुगम यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं। त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा कुल 20 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
रोजाना 1 लाख से अधिक यात्रियों की आवाजाही
त्योहारी सीजन के चलते इन दिनों भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का भारी सैलाब उमड़ रहा है। स्थिति यह है कि स्टेशन पर हर रोज 1 लाख से अधिक यात्रियों की भीड़ दर्ज की जा रही है। यात्रियों के इस भारी दबाव को प्रबंधित करने और भगदड़ जैसी किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
हाई-टेक कैमरों से हो रही चप्पे-चप्पे की निगरानी
भीड़ को नियंत्रित करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए रेलवे स्टेशन पर आधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 30 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।स्टेशन परिसर में कुल 18 हाई-टेक कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें13 एआई कैमरे और 5 फेस रिकग्निशन कैमरे शामिल हैं। इन कैमरों के जरिए संदिग्ध गतिविधियों और भीड़ के बहाव पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसके अलावा, यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए स्टेशन पर प्रवेश और निकास के लिए व्यवस्थित पॉइंट्स बनाए गए हैं। आरपीएफ (RPF) और कमर्शियल विभाग की टीमें मिलकर संयुक्त रूप से क्राउड मैनेजमेंट का कार्य संभाल रही हैं ताकि हर यात्री सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुँच सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

