भोपाल। राजधानी भोपाल के सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के एक खेत में 17 वर्षीय किशोरी नंदनी कुशवाह का कंकाल मिला है। किशोरी करीब 43 दिन से लापता थी। परिजनों ने उसके कपड़ों और चप्पलों के आधार पर शव की पहचान की है। पुलिस के अनुसार, नंदनी कुशवाह डेढ़ महीने पहले घर से बिना किसी को बताए निकल गई थी। परिजनों ने तुरंत सूखी सेवनिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लगातार तलाश के बावजूद किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल रहा था।
READ MORE: गवाह मुकर गए तो क्या? नाक काटने वाले को 3 साल की सजा, कोर्ट ने कहा- ‘गवाह झूठ बोल सकते हैं, मेडिकल रिपोर्ट नहीं’
शनिवार को स्थानीय खेत में कुछ मजदूरों को कंकाल नजर आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अवशेषों को कब्जे में ले लिया। परिजनों को सूचित किए जाने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर नंदनी के पहने हुए कपड़ों और चप्पलों को देखते हुए पहचान की पुष्टि की।
जाँच में जुटी पुलिस
पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है। अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा ताकि पहचान को अंतिम रूप से पुष्टि मिल सके। पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। इसमें अपहरण, हत्या या कोई अन्य वजह शामिल हो सकती है। नंदनी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन लगातार पुलिस से जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने की अपील कर रहे हैं।

