शब्बीर अहमद, भोपाल। कहते हैं कि हौसले अगर बुलंद हों और इरादों में सच्चाई हो, तो तंग गलियां और गरीबी भी आपकी मंजिल को नहीं रोक सकती। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक ऐसी ही दिल को छू लेने वाली और प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा रखा है। स्लम एरिया यानि झुग्गी से निकलकर सोशल मीडिया की दुनिया में रातों-रात स्टार बनने वाली प्रीति प्रजापति का सफर हर उस शख्स के लिए एक मिसाल है जो विपरीत परिस्थितियों में भी बड़े सपने देखता है।
सड़क को बनाया रैपवॉक, काले रंग को बनाई अपनी ताकत
प्रीति प्रजापति का यह सफर आसान नहीं था। एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली प्रीति ने जब शुरुआत की तो उनके पास फैशनेबल कपड़े या महंगे संसाधन नहीं थे। पुराने कपड़ों और झुग्गी-झोपड़ियों के बीच उन्होंने मॉडलिंग करना शुरू किया। जिस रंग को समाज में अक्सर कमतर आंका जाता है, प्रीति ने अपने उसी सांवले और काले रंग को अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लिया। उन्होंने अपनी बस्ती की कच्ची और तंग सड़कों को ही अपना रैंपवॉक बना डाला। शुरुआत में उन्होंने सामान्य वीडियो बनाने शुरू किए थे, लेकिन उनका अनोखा अंदाज और आत्मविश्वास लोगों को भा गया और वे रातों-रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
बहन बनीं साया, शुरू में छिपाई गरीबी पर बाद में वही बनी पहचान
इस पूरे सफर में प्रीति को अपनी छोटी बहन का सबसे बड़ा साथ मिला। उनकी बहन ने न सिर्फ उनका हौसला बढ़ाया, बल्कि उनकी इस मुहिम में डिजाइनर और कैमरामैन की भूमिका भी खुद ही निभाई। प्रीति बताती हैं कि शुरुआती दिनों में वे अपनी गरीबी को छुपाने की कोशिश करती थीं, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यही गरीबी और उनका संघर्ष ही उनकी असली पहचान और ताकत बन जाएगा। जहाँ-जहाँ उनकी हिम्मत टूटी, वहीं से उन्हें जिंदगी में आगे बढ़ने की नई राह और तरक्की मिलती चली गई।
कलेक्टर बनने का था सपना, अब मॉडलिंग और एक्टिंग है मंजिल
कभी प्रशासनिक सेवा में जाकर कलेक्टर बनने का सपना देखने वाली प्रीति प्रजापति का अब नजरिया बदल चुका है। सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाने के बाद अब उनका सपना एक बड़ा मॉडल और एक्ट्रेस बनने का है। मॉडलिंग की दुनिया में परचम लहराने के बाद प्रीति अभिनय (Acting) की दुनिया में भी अपना बड़ा नाम कमाना चाहती हैं। हालांकि, इन सब के बीच उनका सबसे पहला और भावनात्मक सपना अपने माता-पिता के लिए एक सुंदर सा पक्का घर खरीदना है, ताकि वे उन्हें एक बेहतर जिंदगी दे सकें।
प्रीति प्रजापति की यह कहानी साबित करती है कि सफलता किसी की मोहताज नहीं होती, बस जरूरत होती है खुद पर विश्वास रखने और हर चुनौती को मात देने के जज्बे की।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

