संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल के शिक्षा जगत के लिए एक बेहद गर्व की खबर सामने आई है। शासकीय विद्यालय की शिक्षिका डॉ. अर्चना शुक्ला का चयन देश के प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026’ के लिए किया गया है। मध्य प्रदेश से इस सर्वोच्च सम्मान के लिए कुल दो शिक्षकों को चुना गया है, जिनमें सीधी जिले के शिक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह भी शामिल हैं। पिछले 16 वर्षों से शासकीय स्कूल में कार्यरत डॉ. अर्चना शुक्ला ने अपनी नवाचारी सोच और प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग से विज्ञान शिक्षण की तस्वीर बदल दी है।
किताबें रटने की जगह ‘रिसर्च और प्रोजेक्ट’
डॉ. शुक्ला का मानना है कि सरकारी स्कूल के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, बस उन्हें सही अवसर की जरूरत है। उन्होंने छात्रों को परिभाषाएं रटाने के बजाय वास्तविक जीवन की समस्याओं पर वैज्ञानिक शोध से जोड़ा।
गौरैया संरक्षण और रिसर्च पेपर
गौरैया की घटती संख्या पर छात्रों से शोध कराकर वैज्ञानिक तरीके से नेस्ट बॉक्स तैयार कराए। 11वीं के जीव विज्ञान के विद्यार्थियों ने इस पर रिसर्च पेपर तक प्रकाशित किया।
सेवा सीड और कचरा प्रबंधन
बीज संरक्षण के लिए स्कूलों में ‘बीज डिब्बे’ रखवाए। उनका मानना है कि बीज कचरा नहीं, बल्कि जैव विविधता का आधार हैं।
5000+ पेड़ों पर QR कोड
प्रकृति और तकनीक को जोड़ते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों में 5000 से अधिक पेड़ों पर QR कोड लगाए। इस प्रोजेक्ट से प्रेरित एक छात्र ने आगे चलकर IIT रुड़की में दाखिला लिया।
प्लांट इमोशन प्रोजेक्ट; जापान में प्रस्तुति
पौधों से बातचीत और उनकी वृद्धि पर अध्ययन करने वाले इस अनूठे प्रोजेक्ट को उनके एक विद्यार्थी ने जापान में प्रस्तुत किया।
पासवर्ड प्रोटेक्टेड QR कोड; 42 देशों के सामने प्रस्तुति
रोजमर्रा के दस्तावेज सुरक्षित रखने के लिए छात्रों द्वारा बनाए गए पासवर्ड-प्रोटेक्टेड QR कोड प्रोजेक्ट को जून में 42 देशों के मंच पर प्रस्तुत किया गया।
पूर्व में मिल चुके कई बड़े पुरस्कार
डॉ. अर्चना शुक्ला को 2020 में राज्यपाल पुरस्कार, 2021 में वार्षिक जैव विविधता पुरस्कार और दिल्ली में ‘नेक्सस ऑफ गुड’ सम्मान से नवाजा जा चुका है। जनरेशन अल्फा यानि आज के बच्चों में बढ़ते आक्रोश पर उनका कहना है कि शिक्षा का मूल उद्देश्य बच्चों को ‘सूचना से ज्ञान’ और ‘ज्ञान से विवेक’ की ओर ले जाना है, ताकि वे हिंसा के बजाय अहिंसा और संवाद से समस्याओं का समाधान खोज सकें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

