शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आदिवासी छात्रों को कथित तौर पर गाली देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना से नाराज आदिवासी समाज और संगठन JAYS ने अंबेडकर पार्क में भारी संख्या में पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि आरोपी निलंबित TI रतन सिंह परिहार के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जाए।

वायरल वीडियो के बाद गरमाया मामला

जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले आदिवासी बच्चों ने अपनी कुछ मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसी दौरान मौके पर मौजूद TI रतन सिंह परिहार का बच्चों के साथ गाली-गलौच करने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। बढ़ते दबाव के बाद प्रशासन द्वारा टीआई रतन सिंह परिहार को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

FIR की मांग पर अड़ा आदिवासी समाज

निलंबन की कार्रवाई से संतुष्ट न होते हुए JAYS और आदिवासी समाज के लोग अब TI रतन सिंह परिहार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं। बड़ी संख्या में समाज के लोगों के अंबेडकर पार्क में एकत्रित होने से वहां सुरक्षा और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक टीआई पर FIR दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती, उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m