शब्बीर अहमद, भोपाल। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सर्विस एग्जाम 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। 958 कैंडिडेट्स अलग-अलग सर्विसेज के लिए क्वालिफाई हुए हैं। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में रावतभाटा के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया टॉप किया है। वहीं टॉप 5 रैंक मध्य प्रदेश के भोपाल के ईशान भटनागर को मिली है, जबकि धार जिले के प्रच्छल सेकेट्री ने 8वीं रैंक हासिल की है।
खंडवा की रूपल को 43वीं रैंक
खंडवा की रूपल जायसवाल को 43वीं रैंक मिली है। पिछली बार 512वीं रैंक मिली थी, ज्वाइन नहीं किया था। वहीं नरसिंहपुर जिले में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी तेंदूखेड़ा पूजा सोनी को 249वीं रैंक मिली है।
सतना की भूमिका जैन बनीं IAS
वहीं सतना की भूमिका जैन ने 331वीं रैंक हासिल की है। वे कृष्णानगर निवासी कपड़ा व्यवसायी मनोज जैन और सृष्टि जैन की बेटी हैं। भूमिका की सफलता से पूरे परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
गुना की देवांगी मीणा ने हासिल की 236वीं रैंक
वहीं गुना जिले के कुंभराज की देवांगी मीणा ने 236वीं रैंक हासिल की है। 2024 में उन्होंने 764वीं रैंक हासिल की थी। वह IRS बनी थीं। देवांगी के पिता नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड में काम करते हैं।
दतिया के विश्वजीत गुप्ता ने हासिल की 67वीं रैंक
दतिया के विश्वजीत गुप्ता ने UPSC में 67वीं रैंक हासिल की है। उनके मां और पिता अशोक गुप्ता शिक्षक हैं। UPSC का रिजल्ट आने के बाद विश्वजीत के घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। विश्वजीत दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे।
धार के प्रक्षल जैन ने हासिल की आठवीं रैंक
धार की कुक्षी तहसील के बाग निवासी प्रक्षल जैन ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में आठवीं रैंक हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रक्षल जैन की इस बड़ी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। जैसे ही प्रक्षल जैन के आठवीं रैंक हासिल करने की खबर बाग पहुंची, गांव में जश्न का माहौल बन गया। उनके घर पर परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण पहुंचकर मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे हैं।प्रक्षल जैन के माता-पिता ने बताया कि प्रक्षल पिछले कई वर्षों से दिल्ली में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने दूसरी बार के प्रयास में कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। फिलहाल प्रक्षल जैन दिल्ली में ही हैं। बेटे की इस सफलता पर परिवार को गर्व है और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल बना हुआ है।
नरसिंहपुर की बेटी दीक्षा और तेंदूखेड़ा एसडीएम पूजा सोनी ने पास की यूपीएससी परीक्षा
नरसिंहपुर के करकबेल में रहने वाली दीक्षा पाटकार ने लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 88 रैंक प्राप्त की है। दीक्षा की इस सफलता को लेकर जिले में खुशी का माहौल है। उन्हें बधाई देने का दौर शुरू हो गया है। दीक्षा के पिता हेमराज पाटकार करकबेल के रहने वाले हैं।
दीक्षा के साथ साथ नरसिंहपुर के तेंदूखेड़ा में पदस्थ एसडीएम पूजा सोनी ने भी यूपीएससी की परीक्षा पास करते हुए 249 रैंक हासिल की है। पूजा सोनी मूलतः पन्ना जिले के देवेंद्र नगर की रहने वाली हैं और एक किसान परिवार से आती हैं।

देखें पूरी लिस्ट –

