रुद्रप्रयाग. दिवाली पर बाबा केदार के भव्य मंदिर परिसर और दरबार को लगभग 20 क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है. फूलों की मनमोहक सजावट के बीच केदारपुरी की अलौकिक छटा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. वहीं इस पावन अवसर पर शनिवार को केदारनाथ धाम के क्षेत्रपाल एवं रक्षक भगवान भुकुंट भैरवनाथ जी के कपाट शीतकाल के लिए विधि-विधान एवं वैदिक धार्मिक परंपराओं के अनुसार बंद किए जाएंगे.
भैरवनाथ जी के कपाट बंद होने के साथ ही भगवान केदारनाथ के धाम में शीतकालीन कपाट बंद होने की पारंपरिक धार्मिक प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा.
इसे भी पढ़ें : शीतकाल के लिए बंद हुए तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट, तीन पड़ावों से गुजरेगी बाबा की डोली
बता दें कि शुक्रवार को ही रुद्रप्रयाग जनपद के चोपता क्षेत्र में समुद्र तल से लगभग 3,680 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पंचकेदारों में तृतीय केदार भगवान श्री तुंगनाथ धाम (Shri Tungnath Dham) के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए.
कपाट बंद होने के पावन अवसर पर मन्दिर परिसर को आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया गया. वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों एवं पारम्परिक रीति-रिवाजों के साथ कपाट बंद करने की प्रक्रिया सम्पन्न हुई. इस दौरान मन्दिर के पुजारी वेदपाठी अभिषेक मैठाणी ने धार्मिक परम्पराओं के अनुसार पूजा-अर्चना एवं अनुष्ठान सम्पन्न कराए. इस अवसर पर मन्दिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा.

