Bhumi Pednekar Jaani Dushman: मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर अब तक कई तरह के किरदार निभा चुकी हैं, लेकिन इस बार वह दर्शकों को डराने की तैयारी में हैं। उनकी नई फिल्म ‘जानी दुश्मन: डर के आगे मौत’ का ऐलान हो गया है। यह एक सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर होगी, जिसकी कहानी डर, पारिवारिक रहस्यों और अलौकिक शक्तियों के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
भूमि पेडनेकर ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, ”दर्द तो बहुत देखा होगा, लेकिन अब खौफ महसूस करने के लिए तैयार हो जाइए।” उनके इस अंदाज ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि फिल्म में भूमि किस तरह का किरदार निभाने वाली हैं।
अरशद सैयद कर रहे निर्देशन
‘जानी दुश्मन: डर के आगे मौत’ का निर्देशन अरशद सैयद कर रहे हैं। वहीं, रॉबी ग्रेवाल इस प्रोजेक्ट से क्रिएटिव प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े हैं। फिल्म को टी-सीरीज के भूषण कुमार और अलमाइटी मोशन पिक्चर की प्रभलीन संधू मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।
भूषण कुमार ने इस सहयोग पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अलमाइटी मोशन पिक्चर उनके भरोसेमंद क्रिएटिव पार्टनर्स में से एक है। ‘मेड इन इंडिया- अ टाइटन स्टोरी’ सीरीज के बाद दोनों प्रोडक्शन हाउस एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं।
मां-बेटी के रिश्ते के बीच छिपा होगा खौफनाक राज
फिल्म की कहानी मां और बेटी के रिश्ते पर आधारित होगी। इस पारिवारिक कहानी में ऐसे रहस्य सामने आएंगे, जिनका संबंध अलौकिक शक्तियों से होगा। फिल्म की पूरी कहानी यूनाइटेड किंगडम में सेट की गई है। मेकर्स ने इसे हॉरर और थ्रिल के साथ पारिवारिक भावनाओं से जोड़ने की कोशिश की है।
फिल्म के एक्शन और स्टंट को खास बनाने के लिए हॉलीवुड के मशहूर स्टंट डायरेक्टर पीटर पेड्रेरो को भी टीम में शामिल किया गया है। वह ‘हैरी पॉटर’, ‘फास्ट एंड फ्यूरियस’, ‘द एक्सपेंडेबल्स’, ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ और ‘द कॉन्ज्यूरिंग’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं।
2027 में रिलीज होगी फिल्म
प्रभलीन संधू ने भी फिल्म को लेकर अपना उत्साह जाहिर किया है। उनका कहना है कि भूषण कुमार और टी-सीरीज के साथ उनका जुड़ाव हमेशा खास रहा है। इस फिल्म के जरिए उन्हें रॉबी ग्रेवाल और अरशद सैयद के साथ दोबारा काम करने का मौका मिल रहा है।
फिल्म के को-प्रोड्यूसर शिव चनाना और सुनीता विनोद व्यास हैं। फिलहाल भूमि के किरदार और फिल्म की बाकी स्टारकास्ट को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि 2027 में रिलीज होने वाली यह हॉरर थ्रिलर दर्शकों को कितना डराने में कामयाब होती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

