अमित पाण्डेय, डोंगरगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को अपने एकदिवसीय प्रवास पर राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ पहुंचे। नवरात्रि की पंचमी के पावन अवसर पर उन्होंने विश्व प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी देवी के मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस दौरान डोंगरगढ़ विधायक, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष नवाज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बिजली व्यवस्था पर उठाए सवाल
मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कई पावर प्लांट संचालित हैं, जहां बिजली उत्पादन के लिए प्रदेश के ही कोयले और पानी जैसे संसाधनों का इस्तेमाल किया जाता है। इसके बावजूद प्रदेश की जनता को बिजली के मामले में अपेक्षित राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि संसाधन छत्तीसगढ़ के हैं, इसलिए उनका लाभ प्रदेश के लोगों को भी मिलना चाहिए। बघेल ने बिजली व्यवस्था और महंगाई को आम जनता से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया।
धर्मांतरण और आरक्षण पर SC के फैसले क्या बोले बघेल?
भूपेश बघेल ने धर्मांतरण के बाद आरक्षण के लाभ से जुड़े सवाल पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। सुप्रीम कोर्ट के 15 अक्टूबर 2026 के फैसले के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि ऐसा कोई फैसला उनके संज्ञान में नहीं है। बघेल ने कहा कि अनुसूचित जाति के व्यक्ति के धर्म परिवर्तन की स्थिति में आरक्षण को लेकर संवैधानिक प्रावधान हैं, लेकिन आदिवासियों के मामले में स्थिति अलग है। उन्होंने कहा कि किसी आदिवासी के धर्म परिवर्तन करने मात्र से उसे आरक्षण से वंचित नहीं किया जा सकता। हालांकि, आरक्षण की पात्रता संबंधित संवैधानिक प्रावधानों और लागू कानूनी शर्तों के आधार पर तय होती है।


औद्योगिक संसाधनों को लेकर जताई चिंता
इस दौरान भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के औद्योगिक संसाधनों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी समूह की नजर अब भिलाई स्टील प्लांट पर है। बघेल ने कहा कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली है। उन्होंने तमनार, हसदेव और नंदी पहाड़ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर अडानी समूह का प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने एसीसी सीमेंट और बिजली उत्पादन से जुड़े प्रतिष्ठानों का भी उल्लेख किया। हालांकि, भिलाई स्टील प्लांट को लेकर लगाए गए उनके आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

