रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को कई मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। RDA जमीन विवाद, LPG और दूध के बढ़ते दाम, आयुष्मान योजना में कार्रवाई, नगर निगम में अधिकारियों और महापौर के बीच विवाद, महानदी जल विवाद और धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर उन्होंने सरकार से सवाल किए। इस दौरान उन्होंने मंत्री केदार कश्यप को लेकर भी पुराने परीक्षा प्रकरण का जिक्र करते हुए कई आरोप लगाए।
RDA जमीन मामले में केदार कश्यप पर साधा निशाना
RDA की जमीन को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने मंत्री केदार कश्यप पर निशाना साधते हुए पुराने परीक्षा प्रकरण का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान केदार कश्यप की पत्नी की जगह किसी अन्य महिला के परीक्षा देने का मामला सामने आया था और उसे ले-देकर रफा-दफा कर दिया गया। बघेल ने कहा, केदार कश्यप मुश्किल से सांस लिए थे कि दूसरा कांड हो गया। हर बार केदार कश्यप ऐसा क्यों करते हैं

LPG और दूध के दाम बढ़ने पर बोले- अभी और बढ़ेगी महंगाई
रसोई गैस और दूध की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महंगाई का असर अभी और बढ़ने वाला है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और दूध के दाम बढ़ेंगे। बघेल ने सरकार पर महंगाई को रोकने के बजाय लोगों को सलाह देने का आरोप लगाया।
आयुष्मान योजना पर भी सरकार को घेरा
आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों पर हो रही कार्रवाई को लेकर भूपेश बघेल ने सवाल उठाया कि यदि अस्पतालों में लापरवाही हो रही थी तो सरकार तीन साल तक क्या कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के लोग अपने विभाग का काम छोड़कर दूसरे मामलों में ज्यादा व्यस्त हैं। जमीन का काम, गर्लफ्रेंड को मकान दिलवाना और दूसरे कामों में लगे हैं। उन्होंने सरकार से अपने-अपने विभागों पर ध्यान देने की बात कही।
निगम विवाद पर बघेल ने कहा- यही सरकार का सुशासन
नगर निगम में अधिकारियों और महापौर के बीच चल रहे विवाद को लेकर भी भूपेश बघेल ने सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यही सरकार का सुशासन है। बघेल ने कहा, आखिर ऐसा दुस्साहस क्यों हुआ? नेताओं की कमजोरी पकड़ लिए जाने के कारण ऐसी स्थिति बनी है।
महानदी जल विवाद पर छत्तीसगढ़ के पक्ष में फैसला कराने की मांग
महानदी जल विवाद को लेकर होने वाली बैठक पर भूपेश बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ के पक्ष में फैसला करवाना चाहिए। महानदी से जुड़े कई प्रोजेक्ट रुके हुए हैं। गर्मी के समय जगदलपुर में पानी की आपूर्ति के लिए भी महानदी से जुड़े जल संसाधन महत्वपूर्ण हैं।
धर्मांतरण के मुद्दे पर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग
साहू समाज द्वारा धर्मांतरण को लेकर जताई जा रही चिंता पर पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि केवल गंभीर होने की बात करने से काम नहीं चलेगा, सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। समाज अपनी ओर से कदम उठा रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही। भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा, सरकार के कदम इतने ठोस हैं कि उठ ही नहीं रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

