कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा की सियासत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला के बीच एक बार फिर टकराव बढ़ता दिखाई दे रहा है। विधानसभा चुनाव से जुड़े एक पुराने दावे को लेकर दोनों नेता आमने-सामने हैं। अभय चौटाला के आरोपों पर हुड्डा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
मामला अभय चौटाला के उस दावे से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से बचने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। चौटाला ने दावा किया था कि इस मुलाकात में अपनी सुरक्षा के बदले हरियाणा में कांग्रेस को चुनाव में नुकसान पहुंचाने को लेकर समझौता हुआ था।
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान हुड्डा ने अभय चौटाला के इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने आरोपों को झूठा बताते हुए स्पष्ट किया कि इस तरह के बयान स्वीकार नहीं किए जाएंगे। हुड्डा ने कहा कि अभय चौटाला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हुड्डा के इस बयान के बाद दोनों नेताओं के बीच सियासी विवाद ने नया रूप ले लिया है। चौटाला के आरोप जहां हुड्डा और केंद्रीय नेतृत्व के बीच कथित संपर्क को लेकर सवाल खड़े करते हैं, वहीं हुड्डा ने आरोपों को सीधे तौर पर नकारते हुए अब कानूनी रास्ता अपनाने का संकेत दिया है।
ऐसे में आने वाले दिनों में इस विवाद को लेकर दोनों खेमों की ओर से बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। फिलहाल राजनीतिक आरोपों से शुरू हुई यह जंग कानूनी कार्रवाई की चेतावनी तक पहुंच गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

