प्रवीण भारद्धाज, पानीपत। इस वक्त हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां प्रदेश सरकार में पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के काफिले के साथ पानीपत के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। बताया जा रहा है कि मंत्री के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक मंत्री कृष्ण लाल पंवार को पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद उन्हें पानीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। बताया जा रहा है कि पानीपत के एसपी और शहरी विधायक भी अस्पताल पहुंचे हैं। फिलहाल मंत्री की हालत को लेकर आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन का इंतजार किया जा रहा है।

