चंदवा की डेढ़टंगवा घाटी में दर्दनाक हादसा, मृतकों में महिला और बच्चा भी शामिल; ऑटो के उड़े परखच्चे
चंदवा, लातेहार। चंदवा-चांपी-लोहरदगा मार्ग पर डेढ़टंगवा घाटी में शनिवार दोपहर बाद भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा, एक महिला और पांच पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं।
पहले बाइक, फिर ऑटो को रौंदा
जानकारी के अनुसार, लोहरदगा की ओर से आ रहा एक भारी कंटेनर चंदवा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चंदवा से लोहरदगा की ओर जा रही बाइक और सामने से आ रहे एक ऑटो को कंटेनर ने अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में बाइक सवार महिला और बच्चे की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। इसके बाद कंटेनर ने ऑटो को भी रौंद दिया, जिसमें सवार लोगों की भी मौत हो गई।
हादसा इतना भीषण कि ऑटो के उड़े परखच्चे
बताया जा रहा है कि तीखे ढलान पर कंटेनर पहले बाइक से टकराया और फिर सामने से आ रहे ऑटो को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। कंटेनर के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए प्रशासन और स्थानीय लोग राहत-बचाव में जुटे रहे।
डेढ़टंगवा घाटी में लगातार हो रहे हादसे
स्थानीय लोगों के मुताबिक, डेढ़टंगवा घाटी में तीखे ढलान के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। भारी वाहनों के अनियंत्रित होने से यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हादसों के कारण स्थानीय लोग इस मार्ग को अब ‘मौत की घाटी’ कहने लगे हैं।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, बीडीओ चंदन प्रसाद, सीओ सुमित कुमार झा और पुलिस निरीक्षक मनोरंजन कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।


