रामकुमार यादव, अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में पीलिया (जॉन्डिस) का गंभीर प्रकोप सामने आया है। क्षेत्र के कई गांवों में बीमारी तेजी से फैल रही है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पीलिया की चपेट में आने से अब तक पूर्व उप सरपंच और एक छात्र सहित चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों लोग बीमार हैं। कई मरीजों का इलाज अंबिकापुर और रायपुर के अस्पतालों में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, मैनपाट विकासखंड के नर्मदापुर, कुनिया, बईगहवा, बरिमा सहित आसपास के गांवों में पीलिया का संक्रमण फैल गया है। बीमारी के कारण कुनिया गांव के पूर्व उप सरपंच जितेंद्र यादव, नर्मदापुर निवासी भाग्यवती यादव, बईगहवा गांव की एक युवती एवं बरिमा निवासी कक्षा 9वीं के छात्र विकास यादव की मौत हो गई है।

narayana

ग्रामीणों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में लोग बुखार, कमजोरी, उल्टी और पीलिया जैसे लक्षणों से पीड़ित हैं। कई गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर और रायपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां इलाज जारी है।

प्रभावित गांवों में भेजी गई स्वास्थ्य विभाग की टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने क्षेत्र में पीलिया फैलने की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों को प्रभावित गांवों में भेज दिया गया है। टीम गांवों में स्वास्थ्य जांच, सर्वे और उपचार कार्य में जुटी हुई है। वहीं ग्रामीणों को स्वच्छ पानी पीने तथा साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से उबला या स्वच्छ पानी पीने, खुले में रखे खाद्य पदार्थों से बचने और बीमारी के लक्षण दिखने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।

बीमारी के कारण का पता लगाने पानी के लिए गए सैंपल

अधिकारियों का कहना है कि बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए पानी के सैंपल लिए गए हैं। पीलिया के बढ़ते मामलों और लगातार हो रही मौतों से मैनपाट क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित गांवों में तत्काल चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H