संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक हलचल से लेकर अदालती कार्रवाई और त्योहारों की रौनक तक, कई बड़ी खबरें सुर्खियों में हैं। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली से इंदौर होते हुए उज्जैन के तूफानी दौरे पर रहेंगे, वहीं दूसरी तरफ जबलपुर हाई कोर्ट से कानून व्यवस्था से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। इसके अलावा, राजधानी भोपाल समेत पूरे प्रदेश में ईद-उल-अजहा का त्योहार अकीदत के साथ मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली, इंदौर और उज्जैन के व्यस्त दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सीएम आज दोपहर 1:20 बजे नई दिल्ली में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद हवाई मार्ग से इंदौर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3:00 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सड़क मार्ग से सीधे उज्जैन के लिए निकलेंगे। शाम 4:30 बजे मुख्यमंत्री उज्जैन के बड़नगर रोड स्थित ‘राजा रसोई’ में आयोजित एक स्थानीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद वे उज्जैन में ही रात्रि विश्राम करेंगे।

जबलपुर हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द, CBI करेगी गिरफ्तार

न्यायिक गलियारे से आज की सबसे बड़ी खबर जबलपुर से है। हाई कोर्ट ने आरोपी गिरिबाला सिंह को एक बड़ा झटका देते हुए निचली अदालत से मिली उनकी अग्रिम जमानत को खारिज कर दिया है। अग्रिम जमानत के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने निचली अदालत के पुराने आदेश को पूरी तरह रद्द कर दिया।

कोर्ट ने बुधवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसके बाद आज 17 पन्नों का विस्तृत आदेश जारी किया गया। इस फैसले के बाद अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) किसी भी वक्त गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को गिरफ्तार कर सकती है।

राजधानी भोपाल में ईद-उल-अजहा (बकरीद) की धूम, शहर काजी ने की विशेष अपील

राजधानी भोपाल में आज ईद-उल-अजहा का त्योहार पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक अकीदत के साथ मनाया जा रहा है। सुबह सबसे पहले शहर की मुख्य ईदगाह में शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने ईद की नमाज़ मुकम्मल करवाई।

ईदगाह के अलावा ताजुल मस्जिद, मोती मस्जिद, जामा मस्जिद और मस्जिद बिलकिश जहां सहित शहर की 56 बड़ी मस्जिदों और मैदानों में लाखों अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। इस दौरान बारगाह-ए-इलाही में हाथ उठाकर देश और प्रदेश में अमन-चैन, भाईचारे और अच्छी सेहत की दुआएं मांगी गईं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और घरों में कुर्बानी का दौर शुरू हुआ, जो अगले तीन दिनों तक चलेगा।

शहर काजी की समाज से अहम अपील

त्योहार के मद्देनजर शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने अपील जारी करते हुए कहा है कि सभी लोग अपनी हैसियत के हिसाब से अच्छी कुर्बानी करें और गरीबों व जरूरतमंदों तक ‘तबर्रुक’ (हिस्सा) जरूर पहुंचाएं। इसके साथ ही उन्होंने साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, कुर्बानी के अपशिष्ट (वेस्ट) को नगर निगम द्वारा तय स्थानों पर ही डालने और कुर्बानी की तस्वीरें या वीडियो सोशल मीडिया पर न बनाने की सख्त हिदायत दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m