शिवम मिश्रा, रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सत्ता और संगठन की दूसरे दिन भी मैराथन बैठकें चली। आज करीबन 11 घंटे तक मैराथन बैठक चली, जिसमें सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, संगठन की मजबूती और जिलों में पार्टी की गतिविधियों को लेकर मंथन किया गया। भाजपा संगठन के शीर्ष नेतृत्व आधा दर्जन से अधिक मंत्रियों के उनके प्रभार जिलों की समीक्षा की। इस दौरान कुछ मंत्रियों के प्रभार जिले में समन्वय की कमी को लेकर नाराजगी भी जताई गई।

इस 2 दिवसीय मैराथन बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और संगठन महामंत्री पवन साय शामिल रहे। भाजपा नेतृत्व ने जिलेवार स्थिति की समीक्षा करते हुए सत्ता और संगठन के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर चर्चा की। इसके साथ ही प्रभारी मंत्रियों के कामकाज की भी समीक्षा की गई। जिनके प्रभार जिले में खामियां पाई गई उन जिलों में अनुशासन का पालन करने के कड़े निर्देश भी दिए गए हैं।

17 जिलों के आधा दर्जन प्रभारी मंत्री, सांसद और विधायकों के साथ मंथन

बैठक के दौरान प्रदेश के 17 जिलों को लेकर संबंधित प्रभारी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ अलग-अलग चर्चा की गई। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, रामविचार नेताम, केदार कश्यप, लक्ष्मी रजवाड़े, लखन लाल देवांगन, दयालदास बघेल, गजेंद्र यादव, टंकराम वर्मा और गुरु खुशवंत साहेब मौजूद रहे।

जिलों में सरकार और संगठन के बीच समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती समेत कई मुद्दों पर फीडबैक लिया गया। भाजपा नेतृत्व ने जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने को लेकर भी चर्चा की।

कई जिलों में नाराजगी की भी हुई चर्चा

सूत्रों के मुताबिक बैठक में कुछ जिलों में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी और आपसी समन्वय से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। वरिष्ठ नेताओं ने संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए आपसी समन्वय के जरिए नाराजगी दूर करने पर जोर दिया। बैठक में संगठन और सत्ता के बीच बेहतर तालमेल के साथ आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए रणनीति तैयार करने पर भी मंथन हुआ। करीब 11 घंटे चली इस बैठक को प्रदेश भाजपा संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m