० विशाल जनसभा को भी करेंगे संबोधित, आज तैयारियों का जायजा लेने जींद पहुंचेंगे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन और सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को जींद पहुंचेंगे। उनके साथ हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी मौजूद रहेंगी।

मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा करेंगे और सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश देंगे।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा एजेंसियां कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं। पीएम मोदी के इस दौरे को हरियाणा के साथ-साथ देश के रेल क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसी अवसर पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत होगी।