० 1 अगस्त से बहाल हुई विमान सेवा, शाम 7:25 बजे देवघर पहुंचेगी फ्लाइट और 7:55 बजे दिल्ली के लिए भरेगी उड़ान।

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। दिल्ली-देवघर के बीच शाम की विमान सेवा शनिवार (1 अगस्त) से दोबारा शुरू हो गई है। इससे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को यात्रा का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और सफर पहले से अधिक सुविधाजनक होगा।

सावन में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं। ऐसे में शाम की फ्लाइट सेवा बहाल होने से यात्रियों का समय बचेगा और सड़क व रेल मार्ग पर दबाव भी कम होगा।

नई समय-सारिणी के अनुसार दिल्ली से उड़ान शाम 7:25 बजे देवघर पहुंचेगी, जबकि देवघर से शाम 7:55 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी।

विमान सेवा शुरू होने से देवघर एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि श्रावणी मेले के दौरान यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए काफी लाभदायक साबित होगी।