20 years of Bigg Boss: रियलिटी शो की दुनिया के सबसे चर्चित फ्रैंचाइजी में शामिल ‘बिग बॉस’ अपने 20वें साल में एक बड़ा प्रयोग करने जा रहा है। एंडेमोल शाइन इंडिया ने शो की 20वीं सालगिरह के मौके पर इसे पहली बार एक साथ छह भाषाओं में लॉन्च करने की तैयारी की है। हिंदी, बंगाली, कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम में ‘बिग बॉस’ के एडिशन एक ही शाम में ऑन एयर होंगे। मेकर्स के मुताबिक, इस तरह का मल्टी-लैंग्वेज लॉन्च रियलिटी टेलीविजन में पहली बार देखने को मिलेगा।

एंडेमोल शाइन इंडिया, बनिजय एंटरटेनमेंट का हिस्सा है और टेलीविजन व डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए स्क्रिप्टेड और नॉन-स्क्रिप्टेड कंटेंट तैयार करता है। ‘बिग बॉस’ फ्रैंचाइजी की अलग-अलग भाषाओं में पहले से ही बड़ी फैन फॉलोइंग है। अब 20 साल पूरे होने के मौके पर प्रोडक्शन हाउस ने सभी भाषाओं के एडिशन को एक साथ लॉन्च करने का फैसला किया है।

पहली बार एक साथ नजर आएंगे सभी होस्ट

इस खास लॉन्च की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि अलग-अलग भाषाओं में ‘बिग बॉस’ को होस्ट करने वाले सितारे भी एक ही समय पर अपनी-अपनी भाषा के शो के साथ स्क्रीन पर नजर आएंगे। हिंदी में सलमान खान, बंगाली में सौरव गांगुली, कन्नड़ में किच्चा सुदीप, तेलुगु में नागार्जुन अक्किनेनी, तमिल में विजय सेतुपति और मलयालम में मोहनलाल शो की मेजबानी करेंगे।

मेकर्स का दावा है कि अलग-अलग भाषाओं के इन सभी होस्ट्स का एक साथ स्क्रीन पर आना टेलीविजन पर एक नया और खास पल होगा।

एक बार फिर दर्शकों के बीच नजर आएंगे सलमान खान

‘बिग बॉस’ के हिंदी वर्जन के 20वें सीजन में सलमान खान एक बार फिर दर्शकों के बीच नजर आएंगे। इस बार वह सिर्फ होस्ट की भूमिका में ही नहीं, बल्कि मेंटर के तौर पर भी शो की राह दिखाते नजर आने वाले हैं। ‘वीकेंड का वार’ के जरिए सलमान एक बार फिर कंटेस्टेंट्स के साथ संवाद करते और शो की कमान संभालते दिखाई देंगे।

नए सीजन में नए कंटेस्टेंट्स, राइवलरी, रणनीति, इमोशन और पहले से ज्यादा मनोरंजन देखने को मिलने का दावा किया गया है।

6 सितंबर को होगा प्रीमियर

‘बिग बॉस सीजन 20’ का निर्माण एंडेमोल शाइन इंडिया ने किया है। शो का प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होगा। यह शो रोजाना रात 9 बजे JioHotstar और रात 10:30 बजे Colors TV पर प्रसारित किया जाएगा। सीजन में ड्रामा, स्ट्रैटेजी, इमोशन और एंटरटेनमेंट का भरपूर तड़का देखने को मिलेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m