रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ (Bigg Boss) का क्रेज देशभर में लंबे समय से बना हुआ है. हिंदी के बाद अब बंगाली दर्शकों के लिए भी बड़ी खुशखबरी सामने आई है. करीब एक दशक के लंबे इंतजार के बाद ‘बिग बॉस बांग्ला’ नए सीजन के साथ वापसी करने जा रहा है. इस बार शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) पहली बार किसी रियलिटी शो को होस्ट करते नजर आएंगे. क्रिकेट के मैदान पर अपनी कप्तानी से करोड़ों दिल जीतने वाले ‘दादा’ अब छोटे पर्दे पर अपने नए अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करेंगे.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने इस शो की मेजबानी के लिए स्टार जलसा के साथ करीब 125 करोड़ रुपये का करार किया है. हालांकि, इस रकम को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इसकी चर्चा सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में खूब हो रही है. अगर यह आंकड़ा सही साबित होता है तो यह भारतीय टेलीविजन के सबसे बड़े होस्टिंग कॉन्ट्रैक्ट्स में से एक माना जाएगा.

पहला प्रोमो हुआ जारी

शो के मेकर्स ने हाल ही में ‘बिग बॉस बांग्ला’ का पहला प्रोमो जारी किया, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है. स्टार जलसा के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए इस प्रोमो में सबसे पहले एक बाघ की झलक दिखाई देती है, जिसके बाद सूट-बूट में सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) दमदार अंदाज में एंट्री करते नजर आते हैं. प्रोमो में उन्हें शो के नए होस्ट के रूप में पेश किया गया है. वीडियो में उनका आत्मविश्वास और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस साफ नजर आती है, जिसने फैंस को काफी प्रभावित किया है.

दस साल बाद लौट रहा शो

करीब दस साल बाद लौट रहा ‘बिग बॉस बांग्ला’ अपने तीसरे सीजन के साथ दर्शकों का मनोरंजन करेगा. शो के पहले दो सीजन को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और अब नए सीजन से दर्शकों की उम्मीदें पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई हैं. खासकर सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) की मौजूदगी इस शो को और भी खास बना रही है.

सितंबर में ऑन एयर होगा शो

मेकर्स ने जानकारी दी है कि ‘बिग बॉस बांग्ला’ का नया सीजन सितंबर से प्रसारित होगा. हालांकि, अभी तक शो की प्रीमियर डेट और कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक सूची का खुलासा नहीं किया गया है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में शो से जुड़े कई बड़े अपडेट सामने आएंगे. वहीं, सौरव गांगुली अपने होस्टिंग डेब्यू के अलावा अपनी बायोपिक को लेकर भी सुर्खियों में हैं. उनकी जिंदगी पर आधारित फिल्म ‘दादा’ पर काम तेजी से चल रहा है. इस फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव सौरव गांगुली का किरदार निभाते नजर आएंगे. हाल ही में फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज किया गया, जिसमें राजकुमार राव का लुक चर्चा का विषय बना हुआ है.