पटना। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को छह IAS अधिकारियों का तबादला करते हुए कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इनमें 2017 बैच के IAS अधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय भी शामिल हैं। उन्हें पदस्थापन की प्रतीक्षा से बाहर लाते हुए अगले आदेश तक सूचना एवं जन-संपर्क विभाग का अपर सचिव बनाया गया है।

चर्चा में रहे है ये अधिकारी

विवेक रंजन मैत्रेय इससे पहले सीवान के जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे। छात्र प्रदर्शन के दौरान एके-47 से फायरिंग के मामले को लेकर वह चर्चा में आए थे। इसके बाद 18 अगस्त को सरकार ने उन्हें सीवान डीएम के पद से हटाकर पदस्थापन की प्रतीक्षा में भेज दिया था। अब उन्हें नई जिम्मेदारी दी गई है।

जानें किसे मिले क्या जिम्मेदारी

वहीं 2011 बैच के IAS अधिकारी उज्ज्वल कुमार सिंह को पशुपालन निदेशक के पद से स्थानांतरित कर ग्रामीण विकास विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। उनके स्थान पर 2012 बैच के IAS अधिकारी श्रीकांत शास्त्री को पशुपालन विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। श्रीकांत शास्त्री भी फिलहाल पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे।

नितिन कुमार सिंह बने माध्यमिक शिक्षा निदेशक

2018 बैच के IAS अधिकारी नितिन कुमार सिंह को माध्यमिक शिक्षा विभाग का निदेशक बनाया गया है। वह भी पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे।

2021 बैच की IAS अधिकारी नीलिमा साहू को नवादा जिला परिषद के उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी पद से हटाकर स्वास्थ्य विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है।

इसके अलावा 2022 बैच की IAS अधिकारी दिव्या शक्ति को कैमूर (भभुआ) जिला परिषद से स्थानांतरित कर आयुक्त, उत्पाद, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार के इस फेरबदल से कई महत्वपूर्ण विभागों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां बदली हैं।