बिहार की सम्राट सरकार ने एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 3 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है और प्रतीक्षा में बैठे 44 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसके साथ ही गृह विभाग ने बिहार पुलिस सेवा के 27 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का भी ट्रांसफर किया है। हालांकि, आदेश में एक अधिकारी की दो जगह पोस्टिंग की तकनीकी त्रुटि सामने आने पर पुलिस मुख्यालय ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।
आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, तीन प्रमुख आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया गया है। 2014 बैच के आईएएस सुनील कुमार को बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर वित्त विभाग में अंकेक्षण निदेशक बनाया गया है। 2016 बैच के अंजनि कुमार को पूर्णिया जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी से ग्रामीण विकास विभाग में भेजते हुए ‘वीबी जीरामजी’ का कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं, 2017 बैच के अभय झा को ग्रामीण कार्य विभाग के अपर सचिव से पदोन्नत करते हुए बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम का नया प्रबंध निदेशक बनाया गया है, साथ ही उन्हें खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अपर सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
एस डी ओ संजीत कुमार को सुपौल में पोस्टिंग
चर्चित भोजपुर जिले के भरत तिवारी एनकाउंटर के दौरान जगदीशपुर के अनुमंडलीय पदाधिकारी (SDO) रहे संजीत कुमार को सरकार ने सुपौल में नई तैनाती दी है। उन्हें सुपौल सदर का भूमि सुधार उप समाहर्ता बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि भरत तिवारी के परिवार की मांग और उनकी मां की मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद संजीत कुमार को 24 जुलाई को जगदीशपुर SDO पद से हटाकर मुख्यालय बुला लिया गया था, जहां वे करीब एक महीने से नई पोस्टिंग का इंतजार कर रहे थे।
गृह विभाग का आदेश और पुलिस मुख्यालय की सफाई
गृह विभाग ने डीएसपी रैंक के 27 पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। इस सूची में बक्सर में तैनात रहे पंकज कुमार सिंह का नाम दो जिलों (सहरसा और सुपौल) में दर्ज होने से असमंजस की स्थिति बन गई थी। इस पर स्पष्टीकरण देते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने आदेश जारी कर कहा कि सहरसा और त्रिवेणीगंज में पदस्थापित SDPO को छोड़कर बाकी सभी अधिकारी अपने नए स्थानों पर अविलंब योगदान दें। साथ ही, पटना में एसपी प्रशासन के रूप में सोनू कुमार राय की नियुक्ति सहित आरा, छपरा, वैशाली और बेगूसराय जैसे संवेदनशील जिलों में नए एसडीपीओ तैनात किए गए हैं।


