पटना। बिहार विधानसभा में आज बजट सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विधायकों ने विकास कार्यों के लिए मिलने वाली विधायक निधि को 4 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये करने की पुरजोर मांग की। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों इस मुद्दे पर एक सुर में नजर आए, जिसके कारण सदन में काफी हंगामा हुआ। इस पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने आश्वासन दिया कि विधायकों की भावनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा।
ऑनलाइन गेमिंग पर नकेल कसेगी सरकार
बच्चों में बढ़ते स्क्रीन टाइम और ऑनलाइन गेमिंग की लत को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। जदयू विधायक समृद्ध वर्मा के सवाल का जवाब देते हुए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि सरकार ऑनलाइन गेमिंग को नियंत्रित करने के लिए जल्द ही नया कानून बनाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य की रक्षा करना है।
भाई वीरेंद्र का बड़ा बयान
राजनीतिक गलियारों में हलचल तब तेज हो गई जब राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने राज्यसभा चुनाव को लेकर अपनी व्यक्तिगत राय रखी। उन्होंने सुझाव दिया कि हिना शहाब को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि इस फैसले से पार्टी एक तीर से कई निशाने साध सकती है, जो आगामी चुनावों के समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकता है।
शराबबंदी और बजट पर तंज
कार्यवाही के दौरान शराबबंदी की समीक्षा को लेकर रालोमा विधायक ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग जनहित में है, इसे राजनीति से न जोड़ा जाए। वहीं, वित्त मंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विधायक निधि बढ़ाने के लिए तो सब एकजुट थे, लेकिन बजट चर्चा के समय विपक्ष की चुप्पी उनकी कथनी और करनी के अंतर को दर्शाती है। विधानसभा की कार्यवाही अब मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


