कुंदन कुमार/पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों एक सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सादगी और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग की अपील का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने एक मिसाल पेश की है। वे पटना से जमुई में आयोजित होने वाले एक महत्वपूर्ण पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वीआईपी गाड़ियों का काफिला छोड़कर साधारण तरीके से ट्रेन से रवाना हुए।
जमुई में प्रशिक्षण कार्यक्रम में होंगे शामिल
मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का यह दौरा बेहद खास है। वे जमुई में आयोजित भाजपा के प्रांतीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में वे पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं को संबोधित करेंगे, साथ ही संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर खासा उत्साह है कि उनके प्रदेश अध्यक्ष बिना किसी तामझाम के उनके बीच पहुंच रहे हैं।
वापसी का सफर भी रेलगाड़ी से ही
इस पूरे दौरे की सबसे खास बात यह है कि संजय सरावगी न सिर्फ जमुई जाने के लिए, बल्कि वहां से पटना वापस लौटने के लिए भी ट्रेन का ही इस्तेमाल करेंगे। राजनीतिक गलियारों में उनके इस कदम की काफी सराहना हो रही है। जानकारों का मानना है कि प्रधानमंत्री की अपील को अमलीजामा पहनाकर सरावगी ने यह संदेश दिया है कि नेता जनता से अलग नहीं हैं। उनका यह सफर कार्यकर्ताओं को सादगी और अनुशासन का एक बड़ा संदेश देता है।

