पटना। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रशांत किशोर को पलायनवादी करार देते हुए उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाए और राहुल गांधी पर देश में बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

​प्रशांत किशोर पर गन सुराज चलाने का गंभीर आरोप

​बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि प्रशांत किशोर खुद को नई राजनीतिक सोच का प्रतीक बताते हैं, लेकिन उनकी भाषा बेहद आपत्तिजनक है। वे मुख्यमंत्री को गोली मारने जैसी बातें करते हैं, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि उनकी पार्टी ‘जन सुराज’ नहीं बल्कि ‘गन सुराज’ चला रही है।
​प्रशांत किशोर के दावों की पोल खोलते हुए शर्मा ने कहा कि वे युवाओं को दस हजार नौकरियां देने का बड़ा दावा करते हैं, लेकिन उन्होंने खुद नवंबर-दिसंबर 2025 में अपनी कंपनी आई-पैक (I-PAC) से करीब एक हजार कर्मचारियों को नौकरी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। वे सिर्फ झूठ बोलते हैं और एक जगह टिककर काम नहीं कर सकते।

​राजनीतिक महत्वकांक्षा और पलायन का इतिहास

​बीजेपी प्रवक्ता ने प्रशांत किशोर के राजनीतिक सफर पर निशाना साधते हुए कहा कि साल 2014 में बीजेपी के साथ काम करने के बाद जब उनकी महत्वकांक्षाएं पूरी नहीं हुईं, तो वे वहां से भाग गए। इसके बाद नीतीश कुमार ने उन्हें अपनी पार्टी जदयू में उपाध्यक्ष बनाया और मंत्री का दर्जा दिया, लेकिन वे वहां भी नहीं टिके और कांग्रेस के लिए काम करने उत्तर प्रदेश चले गए। ऐसे अस्थिर और पलायनवादी नेता पर बिहार की जनता कभी भरोसा नहीं करेगी।

​राहुल गांधी और नेहा वोहरा पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप

​राहुल गांधी और एक्टिविस्ट नेहा वोहरा की गतिविधियों पर कड़ा एतराज जताते हुए नीरज शर्मा ने कहा कि दोनों मिलकर देश में लोकतंत्र बचाने का केवल ढोंग कर रहे हैं। नेहा वोहरा वही शख्स हैं जिन्होंने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि उन्हें बांग्लादेश की क्रांति और तख्तापलट से प्रेरणा मिलती है।
​शर्मा ने आगे कहा कि बांग्लादेश में चौदह सौ लोगों का कत्लेआम हुआ, सरकार गिराई गई, हिंदुओं पर अत्याचार हुए और आगजनी जैसी घटनाएं हुईं। क्या राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भारत में भी वैसी ही हिंसा और अराजकता फैलाना चाहते हैं। भारत किसी की सनक पर नहीं, बल्कि कानून और संविधान से चलता है। राहुल गांधी को यह अच्छी तरह समझ लेना चाहिए कि यह देश कोई बनाना रिपब्लिक या बांग्लादेश नहीं है।