अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा जिले के 58 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार से शुरू हो गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से एक घंटे पूर्व हीं लगभग सभी परीक्षार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। जहां परीक्षार्थियों को सघन जांच के बाद प्रवेश-पत्र, पहचान पत्र एवं बाॅल पेन के साथ परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की इजाजत दी गई।

परीक्षा केदो के बाहर धारा 144 लागू

परीक्षा केन्द्रों के बाहर नियमानुसार परीक्षार्थियों द्वारा लाए गए मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैग आदि को जमा करा लिया गया तथा परीक्षार्थियों को बिना जूते मोजे के हीं अंदर प्रवेश दिया गया। परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्र के आसपास धारा 144 लागू रही तथा आसपास सभी साइबर कैफे एवं फोटोस्टेट की दुकानों को बंद रखा गया।

दो पालियों में परीक्षा

परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से शुरू हुई। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दो बजे से शुरू होगी तथा निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व तक बच्चों को अंदर प्रवेश दिया गया। साथ हीं परीक्षा अवधि की समाप्ति के पश्चात हीं सभी परीक्षार्थियों को केंद्र से बाहर जाने की अनुमति दी गई।

परीक्षा केंद्र का जायजा ले रहे अधिकारी

परीक्षा अवधि के दौरान जिलाधिकारी उदिता सिंह, सदर एसडीओ डॉ नेहा कुमारी, डीएसपी दिलीप कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय सहित अन्य अधिकारी एक परीक्षा केंद्र से दूसरे परीक्षा केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं।

जिले के 58 केंद्रों पर परीक्षा शुरू

17 फरवरी से आयोजित मैट्रिक परीक्षा आगामी 25 फरवरी 2025 तक चलेगी। जिले के कुल 58 परीक्षा केंद्रों पर 47199 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रथम पाली में 23900 परीक्षार्थी शामिल होंगे जबकि दूसरी पाली में 23299 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं वीक्षण कार्य के लिए लगभग 3000 शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। मैट्रिक परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर सासाराम में 28, डेहरी में 16 एवं बिक्रमगंज में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था सख्त

परीक्षा केंद्रों में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के नए गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित समय से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र में जाने की अनुमति दी गई तथा परीक्षार्थियों को जूता पहन कर परीक्षा केंद्र में जाने की अनुमति नहीं है। परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। डीएम ने कहा कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त परीक्षा कराने को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह तत्पर है और सभी परीक्षार्थियों से अपील है कि अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर ससमय पहुंचे।