कुंदन कुमार, पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए पटना में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में राज्यभर से आए कुल 168 टॉपर्स स्टूडेंट्स को उनकी उत्कृष्ट सफलता के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों का उत्साहवर्धन करने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने हाथों से छात्रों को पुरस्कार और सम्मान राशि प्रदान की।

​किस श्रेणी के टॉपर को कितनी मिली राशि?

​इस मेधावी टॉपर्स सम्मान समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनकी मेहनत का शानदार सिला मिला। सरकार की ओर से प्रदान की गई पुरस्कार राशि का विवरण इस प्रकार है:

  • ​फर्स्ट टॉपर (प्रथम स्थान): परीक्षा में पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल करने वाले मेधावी टॉपर्स को 2 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही, डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और उच्च शिक्षा में मदद के लिए लैपटॉप खरीदने हेतु अलग से विशेष धनराशि भी दी गई।
  • ​सेकेंड टॉपर (द्वितीय स्थान): दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले स्टूडेंट्स को 1.5 लाख रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान की तरह इन्हें भी लैपटॉप क्रय करने के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी गई।
  • ​थर्ड टॉपर ( तृतीय स्थान): सूची में तीसरा स्थान हासिल करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को 1 लाख रुपये की नकद राशि के साथ-साथ लैपटॉप के लिए निर्धारित धनराशि प्रदान की गई।

​शिक्षा के स्तर को बढावा देने की पहल

​ सीएम सम्राट चौधरी ने इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के ये युवा राज्य का भविष्य हैं और इनकी सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। सरकार का यह प्रयास है कि प्रतिभावान छात्रों को किसी भी आर्थिक बाधा का सामना न करना पड़े और वे अपनी आगे की पढ़ाई पूरी लगन व आधुनिक संसाधनों के साथ जारी रख सकें। इस तरह के सम्मान समारोह से आने वाले वर्षों के छात्रों में भी और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा जागृत होती है।