कुंदन कुमार, पटना। बिहार बजट सत्र के पहले दिन यानी आज सोमवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का अभिभाषण खत्म हो चुका है। अभिभाषण के दौरान राज्यपाल ने दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित किया और बिहार सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।

अभिभाषण की शुरुआत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि, विधानसभा लोकतंत्र का पवित्र मंदिर है, जहां जनहित से जुड़े विषयों पर गहन विचार-विमर्श होता है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि सदन की मर्यादा और गरिमा को बनाये रखें। स्वस्थ बहस और तर्क-वितर्क लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा है, लेकिन यह आवश्यक है कि चर्चा मर्यादित और परिणामपरक हो। मैं सभी सदस्यों से अपील करता हूं कि वे अपने बहुमूल्य सुझाव और विचार सदन में रखें ताकि जनहित में ठोस निर्णय लिए जा सके। 

राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में आगे कहा कि, इस सत्र में वित्तीय विधेयक के साथ अन्य कार्य होंगे। मैं सभी से अपील करता हूं अपनी रचनात्मक भूमिका से बिहार को विकास की ओर आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि, बिहार में कानून का राज है और उसे बनाए रखना सर्वोच्च्य प्राथमिकता है। सरकार के द्वारा अपराध नियंत्रण और सभी मोर्चे पर काम किया जा रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि, पहले पुलिस बल की संख्या बहुत कम थी। इसमें लगातार बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस बल संख्या अब 1 लाख 31 हजार हो गई है। विधि व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए राज्य में नए थाने का निर्माण किया गया। आज 1 हजार 380 थाने हो गए हैं। आकस्मिक सेवा के लिए 112 काम कर रहा है। 52 लाख लोगों से अधिक को आपातकालीन सेवाएं दी गई है। आगे उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, प्रदेश में अब डर का माहौल नहीं है। सांप्रदायिक घटना प्रकाश में आने पर तेजी से करवाई की जा रही है।

राज्यपाल ने बताया कि, 2006 से कब्रिस्तानों की घेराबंदी की जा चुकीं है। समाज में शांति और सद्भाव का वातावरण है। 60 वर्ष पुराने हिंदू के मंदिरों की घेराबंदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि, बड़े संख्या में नए विद्यालय खोले जा रहे हैं। हर पंचायत में उच्च माध्यमिक विद्यालय खोले गए हैं। स्थानीय निकाय के माध्यम से तीन लाख 68 हजार शिक्षकों की बहाली की गई। 73 हजार नियोजित शिक्षक बचे हुए हैं। राज्यपाल ने बताया कि, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 11 हजार 600 मरीज औसतन आते हैं।आज 12 सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल कार्यकर्त है। 27 जिलों में नए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं।

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि, शहर में भी 4 लाख 35 हजार से अधिक जीविका दीदी हैं। सरकार ने हिंदू हो या मुस्लिम सभी वर्गों के लिए काम किया है। उन्होंने बताया कि, मछली के उत्पादन में बिहार आत्मनिर्भर हो गया है। इस दौरान उन्होंने सात निश्चय तीन योजना की भी चर्चा की। बता दें कि राज्यपाल का अभिभाषण समाप्त होने के बाद अब कल मंगलवार को बिहार सरकार अपना बजट पेश करेगी।

ये भी पढ़ें- Bihar Budget Session: ‘सरकार को देना होगा जवाब’, पटना NEET छात्रा मौत मामले को लेकर विपक्ष के तेवर सख्त, हंगामेदार हो सकता है सत्र का पहला दिन