Bihar Cabinet Expansion: बिहार की सियासत के लिए आज यानी गुरुवार (7 मई) का दिन काफी अहम होने वाला है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है, जहां राज्यपाल सैयद अता हसनैन मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। भाजपा-जदयू एंव अन्य सहयोगी दल से कुल 27-30 मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और गृहमंत्री अमित शाह कल बुधवार की शाम से ही पटना में डेरा जमाए हुए हैं। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ एनडीए के तमाम बड़े नेता शामिल हो होंगे।

जदयू कोटे से संभावित मंत्रियों की लिस्ट

जदयू कोटे से मंत्रियों की सूची में सबसे चर्चित नाम पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का है, जो आज मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सम्राट सरकार में उन्हें अहम भूमिका मिल सकती है। सूत्रों के अनुसार, जदयू से मंत्री पद की शपथ लेने वाले संभावित नामों में अशोक चौधरी, श्रवण कुमार, श्री भगवान सिंह कुशवाहा, मो. जमा खान, श्वेता गुप्ता, बुलो मंडल, लेशी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, अतिरेक कुमार, चेतन आनंद और रत्नेश सदा शामिल हैं।

भाजपा कोटे से संभावित मंत्रियों की लिस्ट

सम्राट कैबिनेट में बीजेपी से दिग्गज नेताओं के साथ कुछ युवा और नए चेहरों को भी जिम्मेदारी मिल सकती है। बीजेपी से मंत्री पद की शपथ लेने वाले संभावित नामों में पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप जायसवाल, नीतीश मिश्रा, रमा निषाद, संजीव चौरसिया, रामकृपाल यादव और श्रेयसी सिंह का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं, इनके अलावा प्रमोद चंद्रवंशी, जीवेश मिश्रा, लखेंद्र पासवान, संजय सिंह टाइगर और अरुण शंकर प्रसाद भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

LJPR से दो मंत्री लेंगे पद की शपथ

बीजेपी-जदयू के अलावा एनडीए के घटक दलों से भी मंत्री बनाए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार चिराग की एलजेपी (आर) से दो विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं, जीतन राम मांझी की हम और उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो से एक-एक विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।

पटना में होगा पीएम मोदी का रोड शो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 7 मई को पटना दौरे पर हैं, जहां वे पटना के गांधी मैदान में होने वाले कैबिनेट विस्तार में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी सुबह 11 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां बीजेपी नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे 11 बजकर 10 मिनट पर पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक के लिए पीएम मोदी का रोड शो शुरू होगा। पीएम मोदी का रोड शो हज भवन, भाजपा कार्यालय, आयकर गोलंबर और डाकबंगला चौराहा होते हुए गांधी मैदान तक पहुंचेगा। इस दौरान पूरे रूट पर बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए 3 हजार से अधिक पुलिस जवानों और 400 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। वहीं, ऊंची इमारतों पर शार्पशूटर तैनात किए गए हैं।

ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: पुलिस ने जदयू विधायक अनंत सिंह समेत 9 के खिलाफ दर्ज की FIR, जानें पूरा मामला?