कुंदन कुमार, पटना। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कल मंगलवार 14 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की अधिसूचना के अनुसार, बैठक सुबह 11 बजे होगी। सूत्रों के अनुसार, यह मंत्रिमंडल की आखिरी बैठक होगी, जिसके तत्काल बाद नीतीश कुमार राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इसके बाद 15 अप्रैल को राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। वहीं, भाजपा ने राज्य में नए नेता के चयन की तैयारी शुरू कर दी है।

बीजेपी ने शिवराज को बनाया है पर्यवेक्षक

बीजेपी ने राज्य में अपने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक बनाया है। नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद बिहार में एनडीए यानी, भाजपा, जदयू, लोजपा (रा), हम और रालोजद विधायकों की बैठक के बाद नए बिहार मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। बता दें कि 243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए के सदस्यों की संख्या 202 है। इसमें भी भाजपा के विधायक 89, जदयू के 85 और लोजपा (रा) के 19 सदस्य हैं।

श्रेयसी सिंह बन सकती हैं दूसरी महिला सीएम

राज्य में सम्राट चौधरी को सीएम पद के संभावित उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि बिहार का अगला सीएम कौन होगा इसका चुनाव विधायक दल की बैठक के बाद ही साफ हो पाएगा। वैसे सम्राट चौधरी के अलावा खेल मंत्री श्रेयसी सिंह का भी नाम सीएम की रेस में चल रहा है। कहा जा रहा है कि राबड़ी देवी के बाद श्रेयसी सिंह बिहार की दूसरी महिला मुख्यमंत्री बन सकती हैं।

शिवराज को पर्यवेक्षक बनाए जाने पर राजद ने कसा तंज

वहीं, इस बीच राजद ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भाजपा के विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक बनाए जाने पर तंज कसा है। राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि, बिहार कई संभावनाओं को खारिज कर चुका है। जो प्रभारी महोदय तय किए गए हैं उन्हें भी नहीं पता होगा कि किसको चुनना है। उन्हें भी पर्ची हवाई जहाज में जाते समय दी जाएगी। पर्ची खुलने दीजिए।

ये भी पढ़ें- ‘जाते-जाते खजाना खाली कर गए’, तेजस्वी का CM नीतीश पर बड़ा हमला, इस बात को लेकर जताया दुख