पटना। जिले के बिहटा स्थित सदीसोपुर गांव की महादलित बस्ती में इस बार की दीपावली बेहद खास होने वाली थी, लेकिन अंतिम समय पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का कार्यक्रम रद्द होने से पूरे गांव में सन्नाटा और निराशा पसर गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री को रविवार को इस बस्ती में पहुंचकर स्थानीय निवासियों के साथ दीपावली मनानी थी। हालांकि, शनिवार की देर शाम अचानक आई खबर ने ग्रामीणों की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
कार्यक्रम रद्द होने की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बिहटा के अंचलाधिकारी (सीओ) राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दानापुर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से उन्हें सूचना मिली है कि अपरिहार्य कारणों से मुख्यमंत्री का यह दौरा स्थगित कर दिया गया है।
महादलित बस्ती के निवासियों में गहरा दुख
पहली बार किसी मुख्यमंत्री के अपनी बस्ती में आगमन को लेकर सदीसोपुर के ग्रामीण काफी उत्साहित थे। बस्ती के लोगों का कहना है कि आज तक कभी कोई बड़ा नेता या मुख्यमंत्री दीपावली जैसे पावन अवसर पर उनके बीच नहीं आया था। ग्रामीणों ने इस दौरे को लेकर बड़ी उम्मीदें पाल रखी थीं, लेकिन अचानक कार्यक्रम रद्द होने को उन्होंने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
रोजगार और पक्के मकान की उठने वाली थी मांग
इस प्रस्तावित दौरे को लेकर स्थानीय निवासियों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी बुनियादी समस्याओं को रखने की पूरी तैयारी कर रखी थी। बस्ती के निवासी लालू नट ने अपनी व्यथा व्यक्त करते हुए बताया कि वे मुख्यमंत्री से गांव में पक्के मकान के निर्माण और युवाओं के लिए रोजगार की मांग करने वाले थे। लालू नट के अनुसार, यदि क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलते, तो गरीब परिवारों को अपना जीवन-यापन करने और परिवार का पालन-पोषण करने में बहुत सहूलियत मिलती।
प्रशासनिक स्तर पर पूरी हो चुकी थीं तैयारियां
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला पिछले कई दिनों से पूरी तरह सक्रिय था। दानापुर के एसडीएम विरपाक्ष विक्रम सिंह खुद सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने मौके पर पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान बिहटा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शिवजन्म राम, सीओ राकेश कुमार सिंह और स्थानीय पुलिस प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का बारीक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कर ली थी, लेकिन अचानक बने नए घटनाक्रम के बाद सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं।

