दरभंगा। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक हादसे ने नदी के पानी को ‘मीठा’ कर दिया। मामला सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र के अतरबेल पुल का है, जहां अंगूरों से लदा एक अनियंत्रित ट्रक अचानक संतुलन खोकर सीधे नदी में जा गिरा। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में ट्रक चालक और खलासी बाल-बाल बच गए, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।
अंगूर बटोरने की मची होड़
जैसे ही ट्रक पानी में गिरा, उसमें लदे अंगूरों के सैकड़ों क्रेट टूट गए और फल पानी की सतह पर तैरने लगे। हादसे की खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते नदी का किनारा मेले में तब्दील हो गया। ग्रामीणों के बीच मुफ्त के अंगूर बटोरने की ऐसी होड़ मची कि लोग अपनी जान की परवाह किए बिना गहरे पानी में उतर गए।
बाल्टी और बोरों के साथ पहुंचे लोग
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में नजारा किसी उत्सव जैसा दिख रहा है। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग, जो जिसके हाथ लगा- बाल्टी, टोकरी, थैले और बोरे-लेकर नदी की ओर दौड़ पड़ा। कई लोग कमर तक पानी में डूबकर अंगूर इकट्ठा कर रहे थे, तो कुछ लोग किनारे पर ही बैठकर ताजे अंगूरों का आनंद लेते नजर आए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया और क्रेन बुलाकर ट्रक को बाहर निकालने की कवायद शुरू हुई। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, लेकिन इलाके में इस अंगूर लूट की चर्चा जोरों पर है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


