कुंदन कुमार, पटना। बिहार में एक बार फिर से बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गंगा, गंडक समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से लाखों की संख्या प्रभावित हुई है। सीएम सम्राट चौधरी ने आज गुरुवार की सुबह पटना के मरीन ड्राइव के पास पहुंचकर गंगा के जलस्तर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य पूरी तत्परता से चलाने के निर्देश दिए। सीएम सम्राट ने कहा कि, बिहार के लिए अगले 48 घंटे काफी अहम हैं और सरकार तटबंधों की सुरक्षा समेत पूरे हालात पर लगातार नजर रख रही है।

राशन पैकेजिंग सेंटर का किया निरीक्षण

इस बीच देर शाम सीएम सम्राट चौधरी पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में सूखा राशन पैकेजिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पैकेजिंग सेंटर पर पैकेजिंग किये जा रहे सामग्रियों एवं उसकी गुणवत्ता की जानकारी ली। वहां मौजूद अधिकारियों ने सीएम सम्राट चौधरी को बताया कि खाद्य पदार्थों के साथ ही जरूरत के सभी सामान हम लोग पैकेट के अंदर रखवा रहे हैं ताकि बाढ़ से प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो।

एयरफोर्स के दो हेलीकॉप्टर से वितरित होगा राहत सामग्री

पैकेट में राशन के सामान चूड़ा, चना, सत्तू, चीनी, मसाला, ओ०आर०एस०, माचिस, मोमबत्ती सहित जरूरत की अन्य सामग्रियों को रखा गया है। एयरफोर्स के दो हेलीकॉप्टर के माध्यम से राहत सामग्री को बाढ़ से प्रभावित लोगों के बीच वितरित किया जाएगा। सीएम सम्राट ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत सामग्रियों के वितरण में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। बाढ़ पीड़ितों को समय पर खाद्य पदार्थों के साथ ही सभी जरूरत के सामान मुहैया कराए जाएं।

इस दौरान मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें- राजद के पूर्व विधायक सच्चिदानंद यादव का निधन, तेजस्वी यादव ने जताया शोक, अंतिम संस्कार कल