कुंदन कुमार, पटना। बिहार में लगातार बारिश और नदियों में बढ़े जलस्तर के बीच बाढ़ की स्थिति पर सरकार की लगातार नजर बनी हुई है। जल संसाधन विभाग के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के बाद उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि फिलहाल राज्य में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और बचाव कार्य में जुटी हैं।
भागलपुर में गंगा के कटाव ने बढ़ाई चुनौती
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि भागलपुर में गंगा नदी पर एक बांध टूटने की घटना सामने आई थी। इसके बाद इलाके में नदी का कटाव काफी अधिक है, जिससे चुनौती बनी हुई है। हालांकि जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर सक्रिय है और स्थिति को संभालने के लिए लगातार बचाव एवं सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। विभाग की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की बड़ी समस्या को समय रहते रोका जा सके।
झारखंड की बारिश से दरधा नदी में बढ़ा पानी
विजय चौधरी ने कहा कि झारखंड में अत्यधिक बारिश होने के कारण बिहार की दरधा नदी में भी पानी का प्रवाह काफी बढ़ गया। इससे नदी के आसपास के इलाकों में दबाव बढ़ा। सरकार और जल संसाधन विभाग की टीमें जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जरूरत के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पटना जिले में टूटे बांध की मरम्मत जारी
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पटना जिले में भी एक बांध टूटने की घटना हुई है। हालांकि, उसे दुरुस्त करने और पैच करने का काम लगातार जारी है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर काम कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
सरकार की स्थिति पर लगातार नजर
बाढ़ और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग के स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर अधिकारियों और तकनीकी टीमों को सक्रिय रखा गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए तैयार है और प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य बनाए रखा जाए।



