Weather update: बिहार में कुछ दिनों की राहत के बाद मौसम ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। राजधानी पटना समेत पूरा प्रदेश भीषण गर्मी और उमस की चपेट में है। सोमवार को राज्य के तीन जिलों में पारा 45°C के करीब पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रोहतास, कैमूर और बक्सर में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है।

​गयाजी रहा सबसे गर्म, 7 जिलों में पारा 40°C के पार

​बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी दर्ज की गई। 44.6°C तापमान के साथ गयाजी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। इसके अलावा रोहतास में 44.5°C और बक्सर में 44.4°C पारा रिकॉर्ड किया गया। पटना में भी तापमान 41°C के पार चला गया है, जिससे लोग बेहाल हैं। मोतिहारी, अरवल और जहानाबाद जैसे जिलों में भी तापमान 40°C के बेहद नजदीक पहुंच चुका है।

​बक्सर में स्कूल बंद, समस्तीपुर में बदला समय

​कड़कती धूप और लू के खतरों को देखते हुए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। बक्सर के डीएम ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को 31 मई तक पूरी तरह बंद करने का आदेश दिया है। वहीं, समस्तीपुर में बच्चों को राहत देने के लिए स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है, जहां अब केवल सुबह 11 बजे तक ही क्लासेस चलेंगी।

​गर्मी का सितम: शेखपुरा में 14 छात्राएं बेहोश, ककोलत में उमड़ी भीड़

​धूप और उमस का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है। शेखपुरा में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की 14 छात्राएं हॉस्टल लौटते समय भीषण गर्मी के कारण अचानक बेहोश हो गईं। दूसरी ओर, इस जानलेवा गर्मी से बचने के लिए नवादा के प्रसिद्ध ककोलत वॉटरफॉल में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा है। ठंडे पानी का लुत्फ उठाने के लिए कुंड में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है।

​25 मई से शुरू होगा ‘नौतपा’, बढ़ेगी तपिश

​मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी 25 मई से बिहार में ‘नौतपा’ की शुरुआत होने जा रही है, जो 2 जून तक चलेगी। इन 9 दिनों के दौरान सूर्य की सीधी किरणें धरती पर पड़ेंगी, जिससे तापमान अपने चरम पर पहुंच सकता है। इस दौरान लू (हीटवेव) का सबसे खतरनाक दौर देखने को मिल सकता है।

​कल से बदलेगा मौसम: बारिश और तेज हवाओं के आसार

​भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने एक राहत भरी खबर भी दी है। 20 मई से उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई जिलों में 50 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और मेघ गर्जन का अनुमान है। अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और चंपारण के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। सीमांचल और कोसी क्षेत्र में बादल छाए रहने से लोगों को हल्की राहत मिल सकती है, हालांकि उमस का असर बरकरार रहेगा।