Weather update: बिहार में भीषण गर्मी और लू का कहर लगातार जारी है। राज्य के अधिकांश हिस्से चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए राज्य के 14 जिलों में हीटवेव (लू) का ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। सासाराम समेत कई दक्षिण-पश्चिम जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।
सावधानी जरूरी: धूप से बचें
मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि तेज धूप और गर्म पछुआ हवाओं के कारण लू लगने का खतरा अत्यधिक बढ़ गया है। विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। आम नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। यदि अति आवश्यक कार्य हो, तभी बाहर निकलें। साथ ही, खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए अधिक से अधिक पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने का सुझाव दिया गया है।
सीमांचल-कोसी में मौसम के दो रंग
राज्य में इस समय दो विपरीत मौसमी स्थितियां बनी हुई हैं। एक तरफ जहां दक्षिण-पश्चिम बिहार में शुष्क और गर्म हवाएं चल रही हैं, वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पूर्व बिहार के सीमांचल और कोसी क्षेत्र (सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, सुपौल, अररिया, किशनगंज और कटिहार) में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इन इलाकों में बादल छाए रहेंगे, हल्की बूंदाबांदी और मेघ गर्जन की संभावना है। यहां तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। नमी और शुष्क हवाओं के टकराव के कारण ही राज्य में मौसम का यह दोहरा रूप देखने को मिल रहा है।
ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की बढ़ी परेशानी
भीषण गर्मी ने यात्रियों का सफर मुश्किल कर दिया है। वंदे भारत एक्सप्रेस, उपासना, विभूति और फरक्का एक्सप्रेस समेत करीब 20 प्रमुख ट्रेनें 30 मिनट से लेकर 4 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। चिलचिलाती धूप और उमस के बीच स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर घंटों ट्रेनों का इंतजार करना यात्रियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
बीते 24 घंटे का हाल और बारिश के आंकड़े
शुक्रवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश भी हुई, हालांकि इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने से सुपौल, अररिया और जहानाबाद में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पिछले 24 घंटों में बिहार में लगभग 60 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिसमें मधुबनी में सर्वाधिक 54 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। राज्य में अब तक सामान्य से 111 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है।
राजधानी पटना का मिजाज
पटना में आज उमस भरी गर्मी के साथ तेज धूप का असर रहेगा। लू की स्थिति के बीच अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

