पटना। बिहार में मौसम ने इस वक्त दोहरा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। एक तरफ राज्य के कई जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी तरफ कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवा राहत देने की तैयारी में है। राजधानी समेत दक्षिण और पश्चिम बिहार के जिलों में गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 5 जिलों के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में 45 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंचने का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में हालात बेहद गंभीर हो सकते हैं। इन जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। तेज धूप और गर्म पछुआ हवाओं के कारण दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। डॉक्टरों ने भी लोगों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि ऐसे मौसम में हीट स्ट्रोक, चक्कर, उल्टी और बेहोशी जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं।

बारिश और तेज हवा की संभावना जताई

वहीं दूसरी ओर बिहार के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में मौसम का अलग असर देखने को मिल सकता है। गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और मधुबनी समेत करीब 23 जिलों में बारिश और तेज हवा की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि पूर्वी हवा के कारण उमस लोगों को परेशान करती रहेगी।

जानें कहां कितना रहा तापमान

बीते 24 घंटे की बात करें तो कैमूर बिहार का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डेहरी में 43.1 डिग्री और औरंगाबाद में 41.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं किशनगंज में हल्की बारिश हुई, जबकि खगड़िया समेत कुछ जिलों में बादल छाए रहे।

दो अलग अलग सिस्टम सक्रिय

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार में इस समय दो अलग-अलग मौसम सिस्टम सक्रिय हैं। पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार में गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं लगातार चल रही हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हीटवेव जैसी स्थिति बन रही है। दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली पूर्वी हवाएं उत्तर और पूर्वी बिहार में असर दिखा रही हैं। इसी वजह से कई इलाकों में बादल, बारिश और आंधी जैसी स्थिति बन रही है।

जानें पटना के मौसम का हाल

राजधानी पटना की बात करें तो यहां गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवा चल सकती है। हालांकि उमस बनी रहेगी और तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इस मौसम क्या करना चाहिए

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। लगातार पानी पीते रहें और धूप से बचाव के उपाय करें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। फिलहाल अगले एक हफ्ते तक बिहार में मौसम का यही मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। दक्षिण-पश्चिम बिहार में गर्मी और लू का असर जारी रहेगा, जबकि उत्तर और पूर्वी हिस्सों में बीच-बीच में बारिश और तेज हवा राहत दे सकती है। मौसम विभाग ने आने वाले 2 से 3 दिनों में तापमान में हल्की गिरावट की भी संभावना जताई है।