Weather update: बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से तल्ख हो रहा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में सूरज की तपिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सोमवार को प्रदेश के लगभग 9 जिलों में पारा 40°C के पार पहुंच गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों के भीतर राज्य के कुछ हिस्सों में तापमान 45°C तक भी जा सकता है।
पटना प्रशासन का बड़ा फैसला
राजधानी पटना में सोमवार को अधिकतम तापमान 40°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। बढ़ती तपिश और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने कक्षा 5वीं तक के स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव का आदेश जारी किया है।
अब 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक सभी प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और कक्षा 5 तक के विद्यालय केवल दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित होंगे। यह निर्देश सरकारी और निजी, दोनों तरह के स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा ताकि बच्चों को दोपहर की भीषण लू से बचाया जा सके।
बक्सर में हीटवेव का असर: 10 छात्र हुए बेहोश
गर्मी का सबसे दर्दनाक मंजर बक्सर में देखने को मिला, जहां भीषण गर्मी और लू के कारण स्कूल के 10 छात्र अचानक बेहोश हो गए। आनन-फानन में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार को बक्सर का पारा 42°C के करीब रहा। राज्य के पांच जिलों में वर्तमान में लू जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी
पिछले 24 घंटों में रोहतास का डेहरी इलाका 43.2°C के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि कैमूर में पारा 43.0°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, जहां एक तरफ गर्मी का सितम जारी है, वहीं दूसरी तरफ मौसम में बदलाव के संकेत भी हैं।
- आंधी की संभावना: 21 अप्रैल को अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है।
- बारिश का पूर्वानुमान: 24 और 25 अप्रैल को उत्तर और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।
फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

